मिर्जापुर में रक्तदान शिविर, 32 लोगों ने किया रक्तदान:विधायक और पालिकाध्यक्ष ने सामाजिक प्रयास की सराहना की


मिर्जापुर में सामाजिक सेवा और मानवता के संदेश के साथ एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रोटरी क्लब विंध्याचल, विंध्य फाउंडेशन ट्रस्ट और रॉबिन हुड आर्मी के संयुक्त तत्वावधान में धुंधी कटरा स्थित सुमंगल पैलेस बिनानी धर्मशाला में ‘रक्तधारा’ के तहत यह शिविर लगा। इसमें 32 लोगों ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने शिविर का दौरा कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। शिविर में कुल 50 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया था। स्वास्थ्य परीक्षण और काउंसिलिंग के बाद इनमें से 32 रक्तदाताओं ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले युवाओं और समाजसेवियों को आयोजकों द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

विधायक रत्नाकर मिश्र ने इस अवसर पर लोगों से रक्तदान के प्रति उदासीनता समाप्त कर अधिक से अधिक संख्या में आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता, बल्कि यह जरूरतमंद लोगों के जीवन को बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है।

पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने भी रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए, जिससे अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता बनी रहे और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके। इस शिविर के आयोजन में सभासद अलंकार जायसवाल सहित सतीश सिंह, मयंक गुप्ता, महावीर सेठिया, संजय रैदानी, राजेन्द्र अग्रवाल, हिमांशु रस्तोगी, मनीष गुप्ता, सत्यम गुप्ता, अभिनव गुप्ता, शुभम जायसवाल, प्रखर गुप्ता, प्रियांशु अग्रवाल, शिखर बरनवाल, विवेक राजपूत, रेनू गुप्ता, ज्योति उमर, अभिषेक साहू, शिव कुमार शुक्ल, विनय कुमार, हर्षित वर्मा, आकाश तिवारी और मोहित सिंह जैसे कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *