जिला अस्पताल में ओपीडी पर्चे के लिए घंटों इंतजार:10 में से सिर्फ 3 काउंटर चालू, धूप में मरीज परेशान


बरेली के महाराणा प्रताप राजकीय जिला अस्पताल में मरीजों को ओपीडी पर्चा बनवाने के लिए भीषण गर्मी में लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि स्वास्थ्य विभाग जहां लोगों को लू और तेज धूप से बचने की सलाह दे रहा है, वहीं अस्पताल में मरीजों के लिए छांव तक की व्यवस्था नहीं है। अस्पताल में रोजाना सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन पर्चा बनवाने के लिए उन्हें काफी देर तक धूप में इंतजार करना पड़ता है। ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटरों के बाहर न तो टिन शेड लगा है और न ही कोई अन्य व्यवस्था है। इसका सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, अस्पताल में 10 पर्चा काउंटर स्वीकृत हैं, लेकिन फिलहाल केवल 3 काउंटर ही संचालित किए जा रहे हैं। करीब 25 लाख की आबादी वाले जिले के मरीजों का दबाव इन तीन काउंटरों पर होने से लंबी कतारें लग रही हैं। मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। एक महिला ने बताया कि बीमार बच्चे के इलाज के लिए आने के बाद भी उन्हें आधे घंटे से अधिक समय तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा। स्थानीय निवासी विशाल सक्सेना ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग लाइन की व्यवस्था नहीं है, जिससे बुजुर्गों को भी सामान्य कतार में लगना पड़ता है। वहीं बबीता नाम की महिला ने बताया कि काउंटरों की स्पष्ट जानकारी न होने के कारण उन्हें पहले गलत काउंटर पर भेज दिया गया। इसके बाद दोबारा लाइन में लगना पड़ा। मरीज अमान ने बताया कि कतार इतनी लंबी और धीमी है कि 10-15 मिनट में मुश्किल से कुछ कदम ही आगे बढ़ पाते हैं। मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से अतिरिक्त काउंटर शुरू करने और छांव की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *