![]()
फर्रुखाबाद में पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के बैनर तले सोमवार को बड़ी संख्या में पंचायत सहायक कलक्ट्रेट पहुंचे और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। पंचायत सहायकों ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय न होने की स्थिति में वे लखनऊ में धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन में कहा गया कि पंचायत सहायक ग्राम पंचायतों में डिजिटल सेवाओं, प्रशासनिक कार्यों और जनहित से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। शासन की विभिन्न योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने में उनका योगदान लगातार बढ़ रहा है। कुशल मजदूरी दर लागू करने की मांग पंचायत सहायकों ने बताया कि वर्तमान में उन्हें मात्र 6,000 रुपए प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो बढ़ती महंगाई और जीवन-यापन की आवश्यकताओं के मुकाबले बेहद कम है। उन्होंने मानदेय बढ़ाकर 30,000 रुपए प्रतिमाह किए जाने अथवा कम से कम राज्य सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम कुशल मजदूरी दर लागू करने की मांग की। ज्ञापन में पंचायत सहायकों की अनुबंध व्यवस्था समाप्त कर स्थायी सेवा नियमावली लागू करने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा विवाह के बाद महिला पंचायत सहायकों के लिए स्थानांतरण एवं समायोजन नीति लागू करने की मांग की गई है, ताकि उन्हें कार्यस्थल संबंधी कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। यूनियन ने ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी के रिक्त पदों पर होने वाली भर्ती में पंचायत सहायकों को 50 प्रतिशत आरक्षण देने तथा पंचायत सहायकों एवं उनके परिवारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्रदान करने की भी मांग की। यह ज्ञापन पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के जिला अध्यक्ष दीपक गंगवार के नेतृत्व में सौंपा गया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष हिमानी, जिला महामंत्री अभिषेक कुमार समेत बड़ी संख्या में पंचायत सहायक मौजूद रहे।
Source link
फर्रुखाबाद में पंचायत सहायक कलेक्ट्रेट पहुंचे:मानदेय वृद्धि समेत 5 सूत्रीय मांगों को लेकर सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन