बदायूं में युवक की संदिग्ध हालत में मौत:पत्नी ने दोस्त पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया, बोली- बेहोशी की हालत में घर लाया था


बदायूं में जहरीला पदार्थ खाने से बीमार हुए एक युवक की राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की पत्नी ने उसके दोस्त पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की कृष्णापुरी कॉलोनी की है। यहां के निवासी 27 वर्षीय संजीव शर्मा पुत्र विजय शर्मा की तबीयत जहरीला पदार्थ खाने से बिगड़ गई थी। रविवार को परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत में सुधार न होने पर संजीव को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोस्त ने मोबाइल वापस दिलाने का भरोसा दिया पोस्टमार्टम हाउस पहुंची संजीव की पत्नी प्रियंका ने उसके एक दोस्त पर गंभीर आरोप लगाए। प्रियंका का कहना है कि उसके पति को साजिश के तहत बुलाकर जहरीला पदार्थ दिया गया, जिससे उनकी मौत हुई। प्रियंका ने बताया कि संजीव का दोस्त पहले उसकी बाइक गिरवी रखवा चुका था और उसका ठेला भी बिकवा दिया था। आरोप है कि कुछ समय पहले वह संजीव को नोएडा ले गया था, जहां उसका मोबाइल गायब हो गया। बाद में दोस्त ने मोबाइल वापस दिलाने का भरोसा दिया था। प्रियंका के अनुसार, 31 मई की सुबह संजीव किसी काम से घर से निकले थे। इसी दौरान उसका दोस्त उसे अपने साथ ले गया और बाद में बेहोशी की हालत में घर के बाहर छोड़कर चला गया। परिजनों को जानकारी हुई तो वे उसे जिला अस्पताल ले गए। संजीव सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया कि युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *