फिरोजाबाद में आगरा से लौट रहे दो दोस्तों की मौत:तेज रफ्तार वाहन ने मारी बाइक में टक्कर, उछलकर दूर जाकर गिरे


फिरोजाबाद में शनिवार को आगरा से स्कूल से लौट रहे दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना थाना एत्मादपुर क्षेत्र के भागूपुर पुल के ऊपर हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान पचोखरा थाना क्षेत्र के देवखेड़ा गांव निवासी 18 वर्षीय राज दुष्यंत गौतम और 19 वर्षीय अक्षय कुमार गौतम के रूप में हुई है। दोनों घनिष्ठ मित्र थे और आगरा स्थित अपने स्कूल से पढ़ाई पूरी कर गांव लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भागूपुर पुल के समीप पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश जारी है और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हादसे की खबर देवखेड़ा गांव पहुंचते ही वहां शोक का माहौल छा गया। परिजनों का गहरा दुख है। दोनों युवकों के घरों पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। देर शाम तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी शव गांव नहीं पहुंच सके थे। जानकारी के अनुसार, राज दुष्यंत गौतम अपने परिवार में तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। अक्षय कुमार गौतम तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर थे। दोनों ही पढ़ाई के साथ अपने परिवार का सहारा बनने की इच्छा रखते थे। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक मिलनसार स्वभाव के थे। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे गांव में दुख है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *