एटा में जमीनी विवाद में लाठी-डंडे चले, आधा दर्जन घायल:मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी, पुलिस ने शुरू की जांच


एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र के अहमदाबाद गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण भी करवाया है और मामले की विस्तृत जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
घायलों में एक पक्ष से मधु (22 वर्ष, पत्नी मुनेश कुमार), छाया (16 वर्ष, पुत्री रामनिवास) और ओमवती (55 वर्ष, पत्नी रामनिवास) शामिल हैं। दूसरे पक्ष से विमलेश (28 वर्ष, पत्नी संदीप), करिश्मा (पुत्री मुन्नालाल) और ऊषा देवी (55 वर्ष, पत्नी मुन्नालाल) घायल हुए हैं।

घायल राजेश ने बताया कि यह विवाद जमीन को लेकर हुआ था और उन्हें लाठी-डंडों से पीटा गया, जिससे उनके पक्ष के छह लोग घायल हुए हैं। एक अन्य घायल मधु ने जानकारी दी कि विवाद प्लॉट को लेकर था। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उनके घर के लोग एटा कचहरी गए हुए थे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने कुछ लड़कों को बुलाकर मारपीट की, जिसमें उनके पक्ष के तीन लोग घायल हुए। मामले पर बागवाला थाना प्रभारी ओ.पी. सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष एक सरकारी भूमि पर अपना-अपना कब्जा बता रहे हैं, जिसके चलते उनमें झगड़ा हुआ। उन्होंने पुष्टि की कि यह विवाद मुख्य रूप से महिलाओं के बीच शुरू हुआ था। गंभीर रूप से घायलों का मेडिकल परीक्षण करवा लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *