चंदौली में आकाशीय बिजली से दो मवेशी की मौत:पशुपालक को 3 लाख का नुकसान, प्रशासन से मुआवजे की मांग


चंदौली में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक पशुपालक की दो मवेशी की मौत हो गई। यह घटना नोनार ग्राम पंचायत के श्रीरामपुर गांव में हुई। पशुपालक तेरस राजभर को इस घटना से लगभग तीन लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। मामला सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र का है। तेरस राजभर शुक्रवार को अपनी मवेशी को चराने के लिए सिवान ले गए थे। इसी दौरान आंधी और गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। तेरस पास की एक झोपड़ी में छिप गए। तेरस के रिश्तेदार योगेंद्र राजभर ने बताया कि इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दोनों मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई। तेरस राजभर के अनुसार, दोनों भैंस हाल ही में बच्चा देने वाली थीं। कुछ समय पहले एक किसान इन भैंसों के लिए उन्हें तीन लाख रुपए दे रहा था। तेरस राजभर ने बताया कि उनका परिवार बेहद गरीब है और उनकी आजीविका पूरी तरह पशुपालन पर निर्भर करती है। उन्होंने ये भैंस रिश्तेदारों और गांव वालों से कर्ज लेकर खरीदी थीं। इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित तेरस राजभर ने शासन और प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। एसडीएम कुंदनराज कपूर ने बताया कि मामले की जांच के बाद नियमानुसार पशुपालक को मुआवजा दिया जाएगा। तहसील प्रशासन ने क्षेत्रीय लेखपाल से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *