![]()
मुरादाबाद में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। आलम ये है कि दिल्ली रोड पर नया मुरादाबाद, 52 कोठी, रेल विहार, रेल कुंज समेत दिल्ली रोड की दर्जनभर कालोनियों और अपार्टमेंटस में पिले 24 घंटे से बिजली सप्लाई ठप है। बिजली महकमे के अधिकारियों ने आंधी में पेड़ गिरने का बहाना करके इस पूरे इलाके की सप्लाई गुरुवार रात करीब 9 बजे बंद कर दी थी। लेकिन शुक्रवार को रात 12:30 बजे तक भी बिजली विभाग ने आपूर्ति शुरू नहीं की। इस पर पब्लिक का सब्र जवाब दे गया और आक्राेशित लोगों ने रात करीब 12:30 बजे पहले नया मुरादाबाद बिजलीघर पर हंगामा किया इसके बाद नया मुरादाबाद में रहने वाले भाजपा MLC गोपाल अंजान के घर जाकर नारेबाजी शुरू कर दी। लोग कारों से अपने पत्नी-बच्चों को भी भाजपा MLC के घर लेकर पहुंचे। भड़की भीड़ ने एमएलसी को बीच में बिठा लिया और पूछा कि, वोट आपकी सरकार को देते हैं तो फिर बिजली मांगने किससे जाएं? दरअसल बिजली आपूर्ति जब 24 घंटे बाद भी शुरू नहीं हुई तो दिल्ली रोड की कालोनियों में रहने वाले लोगों ने बिजली अधिकारियों को फोन करनके शुरू किए। पहले तो अधिकारी टालमटोल करते रहे और जल्द आपूर्ति शुरू होने का आश्वासन देते रहे लेकिन बाद में अधिकारियों ने अपने नंबर बंद कर लिए। इसके बाद स्थानीय लोग इकट्ठा हाेकर बिजलीघर पहुंचे तो वहां 2 लाइनमैन कूलर चलाकर ठंडी हवा में आराम से लेटे थे। जबकि पब्लिक पिछले 24 घंटे से बिजली को तरस रही थी। लाइनमैन ने पब्लिक से कहा कि आपूर्ति शुरू करना या न करना अधिकारियों का काम है। उनके आदेश पर ही आपूर्ति शुरू होगी। लेकिन फोन मिलाने पर सभी अधिकारियों के नंबर बंद आ रहे थे।
इस पर भीड़ ने यहां जमकर नारेबाजी की और बिजली विभाग के अधिकारियों की मनमानी के खिलाफ नया मुरादाबाद में रहने वाले भाजपा एमएलसी गोपाल अंजान के घर पहुंच गए। आधी रात भीड़ ने यहां भाजपा एमएलसी के घर के बाहर भी नारेबाजी की। स्थानीय लोगों ने कहा कि अधिकारियों का रवैय्या भाजपा सरकार की साख को बट्टा लगा रहा है। बिजली विभाग के अधिकारी जानबूझकर पब्लिक को परेशान कर रहे हैं ताकि लोगों में भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी पैदा हो। खुद कूलर और एसी की हवा में बैठे हैं जबकि पब्लिक 24 घंटे से भी अधिक समय से बिजली को तरस रही है। भीड़ ने घर पर आधी रात घेराव किया तो एमएलसी गोपाल अंजान ने पुलिस कॉल कर ली। तुरंत मझोला पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान भाजपा एमएलसी घर के बाहर ही कुर्सी डालकर पब्लिक के बीच में बैठ गए। उन्होंने पहले बिजली विभाग के अफसरों को फोन मिलाया, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं आया। इसके बाद उन्होंने एसडीएम को एक के बाद एक कई कॉल कीं, लेकिन वहां से भी कोई रिस्पांस नहीं आया। एमएलसी अपनी जान छुड़ाने के लिए कॉल को स्पीकर पर डालकर अधिकारियों को फाेन मिलाते रहे। लेकिन पुलिस के अलावा बाकी कहीं, उनकी कॉल रिसीव नहीं हुई। आक्राेशित लोगों ने कहा कि भाजपा नेताओं के घरों पर तो पर्याप्त बैकअप है। इसलिए उन्हें बिजली आने जाने का कोई खास फर्क नहीं पड़ता है। इसीलिए उन्हें पब्लिक का दर्द नहीं है। पब्लिक इस भीषण गर्मी में 24-24 घंटे की कटौती को कैसे झेल रही है, इसका अंदाजा न तो अधिकारियों को है और न ही नेताओं को। देर रात तक भीड़ एमएलसी के आवास पर जमा थी। जबकि पुलिस भीड़ को समझाने की कोशिशों में जुटी थी। इस मामले में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता से देर रात बात करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।
Source link
मुरादाबाद में आधीरात पब्लिक ने BJP एमएलसी का घर घेरा:बीवी-बच्चों समेत पहुंचे लोग; 24 घंटे से सप्लाई ठप,बिजलीघर में कूलर चलाकर सो रहे थे कर्मचारी