स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 को लेकर समीक्षा बैठक:लखनऊ नगर निगम ने नाला सफाई और अतिक्रमण हटाने के दिए सख्त निर्देश


स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 को ध्यान में रखते हुए लखनऊ नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ जोन-1 और जोन-2 की अलग-अलग समन्वय एवं समीक्षा बैठक की। इसमें सफाई व्यवस्था, नाला-नाली सफाई, अतिक्रमण हटाने, राजस्व वसूली और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 जून तक सभी नालों और नालियों की शत-प्रतिशत सफाई पूरी कर ली जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो। उन्होंने कहा कि सफाई कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित एजेंसियां इसकी पूरी जिम्मेदारी लेंगी। बैठक में वार्ड स्तर पर सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया। महापौर ने कहा कि वार्ड मैनेजर और पार्षद आपसी समन्वय से काम करें और जहां जरूरत हो वहां तुरंत सफाई कराई जाए। इसके अलावा शहर में अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। लालबाग और लालकुआं जैसे क्षेत्रों में सड़क किनारे कब्जों और अवैध पार्किंग हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। सड़क किनारे लगने वाले ठेलों और अस्थायी अतिक्रमणों की रिपोर्ट भी मांगी गई है। महापौर ने कूड़ा उठाने वाले वाहनों के समय पर रखरखाव पर जोर देते हुए कहा कि बारिश के मौसम में सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। वहीं राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए कर संबंधी लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने और संस्थानों से संपर्क बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। बैठकों में संबंधित पार्षदों, अपर नगर आयुक्तों, अभियंताओं, जलकल विभाग और सफाई विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि 6 जून तक विद्युत व्यवस्था, अतिक्रमण और अन्य लंबित कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए, जिसकी अगली समीक्षा बैठक में जांच की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *