उन्नाव में विवाहिता के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया:हाईकोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई, दूसरी रिपोर्ट में भी मौत का कारण फांसी लगाना आया


उन्नाव में एक विवाहिता के संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है। हाईकोर्ट के निर्देश पर शुक्रवार को मृतका कायनात का शव कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण फांसी लगना ही बताया गया है। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मामला बांगरमऊ नगर के हटिया मोहल्ला का है। यहां रहने वाले शीबू की 30 वर्षीय पत्नी कायनात का शव 16 मई को घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। कायनात का विवाह 7 दिसंबर 2024 को हुआ था। घटना के बाद शीबू के भाई कलीम उर्फ मोनू ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जीवित अवस्था में फांसी लगने से दम घुटने को मौत का कारण बताया गया था। पोस्टमार्टम के बाद मायके पक्ष के लोग शव को कानपुर ले गए थे, जहां उसे निहुरा श्याम नगर में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया था। बाद में, मृतका कायनात के भाई कैफ अंसारी ने कोतवाली में पति शीबू, देवर मीनू, नदीम और ननद रूही के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया। हालांकि, मायके पक्ष पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं था। कैफ ने हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल कर दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने दोबारा पोस्टमार्टम के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने आदेश जारी किया। शुक्रवार को उन्नाव के एसडीएम न्यायिक रामदेव की मौजूदगी में कानपुर स्थित कब्रिस्तान से शव बाहर निकलवाया गया। शव को उन्नाव लाकर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम से दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। पैनल में जिला अस्पताल के डॉ. विवेक गुप्ता, अचलगंज सीएचसी के डॉ. आशुतोष वाष्णे, मियांगंज सीएचसी के डॉ. दिनेश कुमार और महिला अस्पताल की डॉ. सुनीता यादव शामिल थीं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *