चंदौली एसपी से आप प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की:बोले- आज़म खान की भैस 24 घंटे में खोजा, हमारी क्यों नहीं खोज रहे


आम आदमी पार्टी (आप) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को चंदौली के एसपी आकाश पटेल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने इलिया और शहाबगंज थाना क्षेत्रों में मार्च और अप्रैल माह में हुई भेड़ और भैंसों की चोरी का मुद्दा उठाया। आप कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चोरी की घटनाओं को काफी समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक चोरों को पकड़ नहीं पाई है। उन्होंने पुलिस पर गरीब किसानों के पशुओं की चोरी के मामलों में रुचि न लेने का आरोप लगाया, जबकि आजम खान की भैंस खोजने में पुलिस को मात्र चौबीस घंटे लगे थे। आप के चकिया विधानसभा अध्यक्ष राजेश द्विवेदी उर्फ मुन्नु गुरु ने बताया कि 25 मार्च को शाहपुर गांव के शिवपूजन पाल की 75 भेड़ें चोरी हो गईं। इसके बाद 28 अप्रैल को हड़ौरा के विमलेश यादव की तीन भैंसें और 3 मई को नरेंद्र नाथ उपाध्याय की दो भैंसें चोरी हुईं। उन्होंने बताया कि 10 मई को अरारी के अशोक चौहान की दो भैंसें और 12 मई को परवन्नापुर के गुड्डू बिंद की दो भैंसें चोरी हो गईं। इसी दिन कलानी के सिधार यादव की भैंस चोरी करने का प्रयास किया गया और बेन गांव के राजेश द्विवेदी उर्फ मुन्नु गुरु की दुधारू भैंस भी चोरी हो गई। द्विवेदी ने आरोप लगाया कि इन सभी मामलों में पुलिस को अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास क्षेत्र के सभी गुंडों, बदमाशों और चोरों का रिकॉर्ड होता है, फिर भी संदिग्धों से पूछताछ नहीं की जा रही है। आप ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चोरी की सभी घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ, तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान विनय कुमार, गुड्डू बिंद, सुलदीप पाल, संजय कुमार, अशोक चौहान और विमलेश सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *