प्रेमिका को गोली मारने के आरोपी की शॉक से मौत:पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की हुई पुष्टि, दम घुटना भी बताया जा रहा कारण


सीतापुर के कमलापुर थाना क्षेत्र में प्रेमिका को गोली मारकर घायल करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी युवक का शव खैराबाद क्षेत्र में मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो गई है। डॉक्टरों की निगरानी में हुए पोस्टमार्टम में युवक की मौत दम घुटने और शॉक के कारण होना बताया गया है। जानकारी के अनुसार, बीती 24 मई को कमलापुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी प्रेमिका को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी बीच खैराबाद थाना क्षेत्र के अशरफपुर गांव में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान देर शाम मानपुर थाना क्षेत्र के अख्तरपुर गांव निवासी अम्बुज के रूप में कराई। जांच में सामने आया कि वही युवक प्रेमिका को गोली मारने की घटना में आरोपी था। लखनऊ में चल रहा युवती का इलाज मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉक्टरों की निगरानी में हुए पोस्टमार्टम में मौत का कारण दम घुटना और शॉक बताया गया है। हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। शव मिलने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना रहा। पुलिस बल की मौजूदगी में युवक के शव का अंतिम संस्कार कराया गया। वहीं गोली लगने से घायल युवती का इलाज लखनऊ के अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया जाता है कि वारदात के बाद आरोपी खेतों में छुपा रहा जिससे उसकी दम घुटने से मौत हो है। एएसपी उत्तरी आलोक सिंह ने बताया कि शव की पहचान आरोपी अम्बुज के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण शॉक बताया गया है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वारदात में प्रयुक्त बाइक और असलहे की तलाश में जुटी हुई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *