![]()
साहब, कम से कम जिम्मेदारों के नाम तो बता दो… मेरा बेटा लौटा दो। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में एक मां के ये शब्द सुनकर हर कोई सिहर गया। 16 साल के बेटे कुनाल को जिप लाइन हादसे में खो चुकी मां और पिता DM मनीष बंसल के सामने फफक-फफक कर रो पड़े। ये शब्द उस मां के थे जिसने 16 साल के बेटे कुनाल को अपनी आंखों के सामने खो दिया। पीड़ित परिवार अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा के पदाधिकारियों के साथ इंसाफ की गुहार लेकर DM मनीष बंसल के पास पहुंचा था। DM को देखते ही कुनाल की मां और पिता फफक-फफक कर रोने लगे। मां ने बिलखते हुए कहा, ‘साहब हमें इंसाफ दिला दो। अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिम्मेदारों को बचाया जा रहा है। इसके बाद वे बेसुध हो गई। परिवार ने आरोप लगाया कि कुनाल के जिप लाइन से गिरने के बाद वह कई घंटे तक एडवेंचर कंपनी से मदद की गुहार लगाते रहे। लेकिन कंपनी का कोई भी कर्मचारी मदद के लिए आगे नहीं आया। बच्चा 2 घंटे तक तड़पता रहा। जब कोई नहीं आया तो हम ऑटो से हॉस्पिटल लेकर भागे। अगर मौके पर एंबुलेंस या फर्स्ट-एड मिल जाती तो शायद मेरा कुनाल बच जाता। बिलखती मां ने DM से कहा-हमें न्याय चाहिए। आरोपियों को सजा हो, ताकि किसी और मां की आंखों के सामने उसकी कोख सूनी न हो। किसी और का कुनाल यूं न जाए। मुझ पर क्या बीत रही है, ये मैं ही जानती हूं। मुझे पता होता कि ये लोग इतने लापरवाह होंगे, कोई सेफ्टी नहीं करेंगे, तो कभी न भेजती। मेरे बेटे से पहले जो राइड हुई थी, उसमें भी हेलमेट नहीं लगाया था। पिता का छलका दर्द,बोले-मेरा सहारा खत्म हो गया’
पिता ने रोते हुए कहा-मेरे बच्चे की जान चली गई, इससे बड़ी लापरवाही क्या होगी? मेरे पालन-पोषण का कोई और सहारा नहीं था। 16 साल की उम्र में मेरा बेटा मुझे बहुत सहारा दे रहा था। अब मेरी सारी व्यवस्था खराब हो गई… मेरा पूरा सहारा खत्म हो गया। ADA हो या ठेकेदार कंपनी, कोई भी जिम्मेदार सामने आने को तैयार नहीं है। हादसे को 6 दिन हो गए… लेकिन पुलिस ने जल्दीबाजी में जो तहरीर ली उसमें भी गलतियां हैं। अब तक कोई अधिकारी मिलने तक नहीं आया। महासभा की चेतावनी: 50 लाख मुआवजा दो, वरना सड़क पर उतरेंगे
अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा ने DM से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की गुहार लगाई। महासभा ने परिवार को 50 लाख मुआवजा देने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन सड़क पर उतरेगा। DM का भरोसा,किसी आरोपी को नहीं छोड़ेंगे
DM मनीष बंसल ने पीड़ित परिवार की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने परिवार को जल्द निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। कहा, ‘मामले में जो भी दोषी होगा, किसी को छोड़ा नहीं जाएगा। परिवार का आरोप है कि 6 दिन बीतने के बाद भी न FIR सही हुई है, न कंपनी पर एक्शन लिया गया।
Source link
आंखों के सामने खोया 16 साल का बेटा:DM के सामने फफक-फफक कर रोई कुनाल की मां,बोली- कार्रवाई के नाम पर बचाए जा रहे जिम्मेदार