नवरात्र-दशहरा पर मिलावट रोकने के लिए छापेमारी:सोनभद्र में राबर्ट्सगंज की तीन डेयरियों, चोपन के एक प्रतिष्ठान और तेंदू से साबूदाना का नमूना लिया


सोनभद्र में नवरात्र और दशहरा पर्व के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने और लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रविवार और सोमवार को औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान राबर्ट्सगंज की तीन डेयरियों और चोपन स्थित एक खाद्य प्रतिष्ठान से घी व पनीर के नमूने लिए गए। वहीं, सोमवार दोपहर बाद राबर्ट्सगंज क्षेत्र के तेंदू स्थित एक प्रतिष्ठान से साबूदाना का नमूना संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेज दिया गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान राबर्ट्सगंज बाजार स्थित आदर्श डेयरी, मधुवन डेयरी और गोकुल डेयरी से घी के एक-एक नमूने लिए गए। इसके अलावा चोपन के मेन रोड स्थित प्रीतनगर में हंस दूध भंडार एवं जनरल स्टोर का निरीक्षण कर घी और पनीर के नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान हंस दूध भंडार एवं जनरल स्टोर में मिली कमियों को दूर करने के लिए विभाग ने सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की। टीम ने डेयरी संचालकों को खाद्य पदार्थों के निर्माण और भंडारण के दौरान साफ-सफाई के निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
कार्मिकों को एप्रन, हैंड ग्लव्स और हेड कवर का इस्तेमाल करने, पेयजल की जांच कराने और परिसर में पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही कर्मचारियों के स्वास्थ्य संबंधी फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त करने तथा परिसर और बर्तनों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। विभाग की टीम ने राबर्ट्सगंज क्षेत्र के तेंदू स्थित तथागत इंटरप्राइजेज से साबूदाना का नमूना भी लिया।
सहायक उपायुक्त योगेश त्रिवेदी ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *