![]()
शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र में दारोगा और हेड कांस्टेबल पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने दारोगा की वर्दी और सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। इसके बाद तमंचे से फायरिंग भी की गई। हालांकि दोनों पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। गंभीर घटना के बावजूद थाना स्तर पर मामला दबाने का प्रयास किया गया और उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना नहीं दी गई। घटना 26 मई की शाम की बताई जा रही है। तिलहर थाने में तैनात दारोगा गौरव शर्मा हेड कांस्टेबल भारतमणि के साथ बंधी चक गांव पहुंचे थे। वे हरनौखा गांव निवासी एक महिला की शिकायत की जांच कर रहे थे, जिसमें नकुल के खिलाफ आरोप लगाए गए थे। इसी दौरान गांव के पास आरोपित नकुल और उसका भाई गुड्डू मिल गए। पूछताछ शुरू होते ही दोनों भाइयों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। दारोगा की डायरी छीनी, वर्दी फाड़ी आरोप है कि गुड्डू ने दारोगा गौरव शर्मा के हाथ से डायरी छीन ली। डायरी में रखे शिकायती पत्र, एफआईआर और न्यायालय से जुड़े दस्तावेज फाड़ दिए गए। इसी दौरान दारोगा की वर्दी भी फाड़ दी गई। इसके बाद दोनों भाइयों ने अपनी पैंट से तमंचे निकालकर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन दारोगा और हेड कांस्टेबल सुरक्षित बच गए। वारदात के बाद दोनों आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। SP को नहीं दी गई सूचना घटना की जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन इतने गंभीर मामले की सूचना तत्काल पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित को नहीं दी गई। करीब 24 घंटे तक मामला दबाए रखने की कोशिश की गई। जब बुधवार शाम यह मामला एसपी सौरभ दीक्षित के संज्ञान में आया तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए तिलहर पुलिस को फटकार लगाई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। SP की फटकार के बाद दर्ज हुई FIR एसपी के निर्देश के बाद आरोपित नकुल और उसके भाई गुड्डू के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने समेत कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने नकुल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका भाई गुड्डू अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पहले सामान्य घटना बताती रही पुलिस घटना सामने आने के बाद भी प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा और सीओ तिलहर इशिता सिंह इसे सामान्य विवाद बताते रहे। उनका कहना था कि सिर्फ अभद्रता हुई है, मारपीट नहीं हुई। उस समय यह भी कहा गया था कि किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हालांकि, बुधवार शाम मामला एसपी तक पहुंचने के कुछ मिनट बाद ही सीओ तिलहर इशिता सिंह का बयान सामने आया। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। सीओ ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही थी, जिसकी वजह से एफआईआर दर्ज होने में देरी हुई। दूसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
शाहजहांपुर में दारोगा पर फायरिंग, वर्दी-सरकारी कागजात फाड़े:24 घंटे दबाए रखा मामला, SP की फटकार के बाद FIR; शिकायत पर जांच करने गए थे