![]()
आगरा के ताजमहल परिसर में भटकती मिली एक युवती को पर्यटन थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसके परिजनों से मिलवा दिया। युवती की पहचान अंजू कुमारी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम ककरई, तहसील गोला बाजार, गोरखपुर की रहने वाली है और फिलहाल सिंगरौली, मध्य प्रदेश में रह रही थी। पुलिस के अनुसार युवती ताजमहल घूमने आगरा आई थी और पिछले कुछ समय से परिसर के आसपास अकेली घूमती दिखाई दी थी। सूचना मिलने पर पर्यटन पुलिस ने उसे अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में युवती मानसिक रूप से परेशान और अपने घर का सही पता बताने में असमर्थ नजर आई। उसने पुलिस को बताया कि वह बिना परिजनों को सूचना दिए आगरा आ गई थी, लेकिन उसके पास परिवार का संपर्क नंबर नहीं था और वह अकेले घर वापस नहीं जा पा रही थी। इसके बाद पर्यटन थाना पुलिस ने लगातार दो दिनों तक मेहनत कर उसके परिवार की जानकारी जुटाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर परिजनों तक पहुंच बनाई। पर्यटन थाना प्रभारी पूनम त्यागी के निर्देशन में उ0नि0 शालू यादव, महिला कांस्टेबल प्राची और कांस्टेबल गौरव की टीम ने युवती को सुरक्षित रखा और आवश्यक देखभाल भी कराई। आखिरकार पुलिस की सूझबूझ और सतर्कता रंग लाई और अंजू कुमारी को सकुशल उसके पिता महेश गुप्ता के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने बेटी के सुरक्षित मिलने पर पर्यटन पुलिस का आभार जताया। वहीं ताजमहल आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना की है।
Source link
दो दिन बाद परिवार से मिली ताजमहल घूमने आई युवती:परिजनों को बिना बताए आई गोरखपुर की युवती को पर्यटन पुलिस ने सुरक्षित घर भेजा