UP Evening Bulletin Update; Eid Ul-Adha Celebration | Bashir Badr Death

.

आज की सबसे बड़ी खबर यूपी में बकरीद मनाने और नमाज से जुड़ी है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर मशहूर शायर डॉ.बशीर बद्र के निधन और उनका यूपी से खास नाता को लेकर है। चलिए, सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…

पहले टॉप 5 खबरें…

1- बुलंदशहर में नमाज के दौरान बहस, CO ने हाथ जोड़े, आगरा में बकरे की फोटो वाला केक काटा

यूपी में गुरुवार को बकरीद मनाई गई। ज्यादातर शहरों में दो शिफ्टों में नमाज अदा की गईं। आगरा के ताजमहल परिसर में 5 हजार लोगों ने नमाज अदा की। नाइजीरियन पर्यटकों ने भी नमाज पढ़ी। एक मुस्लिम परिवार ने बकरे की फोटो वाला केक काटा। बिजनौर में सांसद चंद्रशेखर ने पुष्प-वर्षा की। बुलंदशहर में नमाज के दौरान पर सीओ और सपा नेताओं में तीखी बहस हुई। पूरी खबर पढ़ें

2- बशीर बद्र का घर मेरठ दंगे में जला दिया गया था, तब कहा था- तुम तरस नहीं खाते बस्तियां जलाने में…

शायर डॉ. बशीर बद्र का आज इंतकाल हो गया। उनका मेरठ से गहरा नाता रहा है। 1987 के मेरठ सांप्रदायिक दंगे ने उन्हें गहरा सदमा दिया। घर, रचनाएं सब इस दंगे की आग में जलकर खाक हो गए। तब उन्होंने लिखा था- लोग टूट जाते हैं एक घर बनाने में, तुम तरस नहीं खाते बस्तियां जलाने में। इसके बाद वह भोपाल शिफ्ट हो गए थे। वह मेरठ कॉलेज में उर्दू प्रोफेसर रहे थे। पूरी खबर पढ़ें

3- शामली में बिजली विभाग के JE को दौड़ाकर पीटा, बोले- रात में क्यों नहीं आए, हमारी बकरीद थी

शामली में बिजली कटौती से गुस्साए नमाजियों ने जेई को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। वह ट्रांसफॉर्मर सही कराने के लिए टीम के साथ पहुंचे थे। गांव वालों ने जेई को लात-घूसे और जमकर थप्पड़ मारे। पिटाई से जेई बेहोश हो गए। आरोप है कि जेई की बाइक भी लूट ली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेई को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। फिर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूरी खबर पढ़ें

4- बिजनौर में दरोगा ने भीड़ पर पिस्टल तानी; युवक को थाने ले जाते वक्त 50 लोगों ने घेरा

बिजनौर में एक मामले की जांच करने गए दरोगा को भीड़ ने घेर लिया। 40-50 लोग कार के चारों तरफ खड़े हो गए। गाड़ी पर मुक्के मारने लगे। भीड़ से घिरे दरोगा कार से नीचे उतरे और पिस्टल लोड कर भीड़ पर तान दी। पिस्टल तानते ही भीड़ पीछे हट गई। जंदरपुर गांव में ट्रांसफार्मर चोरी के एक मामले में युवक से पूछताछ के लिए बुधवार देर रात दरोगा और 3 सिपाही पहुंचे थे। पूरी खबर पढ़ें

5- नौतपा के चौथे दिन प्रदेशभर में तेज हवाएं चली, बादल छाए

यूपी में नौतपा का आज यानी गुरुवार को चौथा दिन है। सुबह से प्रदेशभर में तेज हवाएं चल रहीं और बादल छाए हैं। आज 69 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इनमें से 24 जिलों में ओले भी गिर सकते हैं। 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई तक आंधी के साथ भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। बांदा में पारा 47.8°C पहुंचा। पूरी खबर पढ़ें

अब अहम 8 खबरें…

6- एटा में शराब का पहला पैग पीते ही 2 दोस्तों की मौत, तीसरा गंभीर

एटा में जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत गंभीर है। गुरुवार सुबह तीनों ने एक प्लॉट में बैठकर शराब पी थी। 5 मिनट बाद ही तीनों की हालत बिगड़ने लगी तो घर वालों ने अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे को उल्टियां होने की वजह से जान बच गई। एक के बेटे ने 4 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पूरी खबर पढ़ें

7- वृंदावन में प्रेमानंद महाराज ने पदयात्रा शुरू की, भक्तों ने ‘राधे-राधे’ के जयकारे लगाए

वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज ने एक बार फिर पदयात्रा शुरू कर दी। 10 दिन बाद वह केली कुंज आश्रम से निकले। अपने शिष्यों के साथ पदयात्रा किया। करीब एक किलोमीटर तक वह चले और फिर वापस आश्रम लौट गए। यात्रा के दौरान सड़क किनारे दोनों तरफ खड़े भक्त ‘श्री राधे-राधे’ के जयकारे लगाते रहे। दरअसल, 17 मई से स्वास्थ्य कारणों के चलते पदयात्रा बंद थी। पूरी खबर पढ़ें

8- गोरखपुर में ड्राइवर-क्लीनर जिंदा जले, ट्रक-डंपर की टक्कर के बाद भीषण आग

गोरखपुर में ट्रक और डंपर की भीषण टक्कर के बाद आग लग गई। हादसे में डंपर चालक और क्लीनर जिंदा जल गए। केवल कंकाल बचा। जबकि ट्रक चालक और खलासी झुलस गए। कूदकर अपनी जान उन्होंने बचाई। आग की इतनी तपिश थी कि दमकलकर्मी पास नहीं जा सके। धुएं का गुबार और आग की लपटें कई किमी. दूर से ही दिखीं। दोनों तरफ 5 Km लंबा जाम लग गया। पूरी खबर पढ़ें

9- गाजियाबाद में युवक की 5 गोली मारकर हत्या, इंटरव्यू देने जा रहा था

गाजियाबाद में 21 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव लोनी में बंथला नहर से सटे ट्यूबवेल के पास मिला। उसकी कनपटी, सिर और सीने में 5 गोलियां मारी गई हैं। मौके से बियर की 4 केन और एक बैग मिला है। युवक के मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही। पुलिस के अनुसार, युवक गुरुग्राम में एक इंटरव्यू देने जा रहा था। पूरी खबर पढ़ें

10- लखनऊ में सिगरेट नहीं देने पर बीजेपी नेता की हत्या, अयोध्या के रहने वाले थे

लखनऊ में अयोध्या के बीजेपी नेता की ईंट-पत्थर मारकर हत्या कर दी गई है। बदमाशों ने उनसे सिगरेट मांगी तो पहली बार उन्होंने दे दी। फिर वे दोबारा सिगरेट मांगने लगे तो उन्होंने मना कर दिया। इसी पर बदमाशों ने उनसे मारपीट की, फिर वहां से चले गए। कुछ देर में लौटकर आए तो उनपर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। वह भाजपा युवा मोर्चा के जिला कार्यकारिणी सदस्य थे। पूरी खबर पढ़ें

11- महराजगंज में आधार कार्ड देखकर मिल रहा डीजल; पंपों पर लंबी कतार

महराजगंज में पेट्रोल पंपों पर आधार कार्ड की जांच कर डीजल बेचा जा रहा। अनाउंसमेंट कर बताया जा रहा है कि किसी को भी 5 लीटर से ज्यादा डीजल नहीं दिया जाएगा और डीजल देने से पहले आधार कार्ड की जांच होगी। साथ ही चेतावनी दी जा रही है कि यदि खरीदने वाला किसान नहीं निकला या उसके पास खेत नहीं मिला तो कार्रवाई की जाएगी। पंपों पर लंबी कतारें हैं। पूरी खबर पढ़ें

12- बुलंदशहर में तीन दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, वृंदावन जाते समय हादसा

बुलंदशहर में बुधवार देर रात तेज रफ्तार ब्रेजा कार बेकाबू होकर हाईवे किनारे झाड़ियों में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन दोस्त घायल हो गए। इनमें से दो ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एक का इलाज चल रहा है। अंधेरे में कार देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी थी। चारों दोस्त वृंदावन दर्शन को जा रहे थे। पूरी खबर पढ़ें

13- मेरठ में छोटे भाई की हत्या कर जमीन में गाड़ा, बोला- जमीन हड़पना चाह रहा था

मेरठ में बड़े भाई ने 30 साल के छोटे भाई की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। फिर बाइक से 1 किमी दूर जंगल में डेडबॉडी ले गया। वहां पांच फीट गहरा गड्‌ढा खोदकर शव को दफना दिया। 23 दिन बाद मौसी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि मैं भाई की जमीन हड़पना चाहता था। पूरी खबर पढ़ें

खबर जो हटकर है…

14- अब भूसा जुटाएंगे सरकारी टीचर, आदेश नहीं मानने पर होगी कार्रवाई

बरेली में सरकारी टीचर्स को भूसा जुटाने का आदेश दिया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक, प्रत्येक विद्यालय को 46 किलोग्राम भूसा जमा करना होगा। भूसा खंड विकास अधिकारी या पशु चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय में जमा कराया जाएगा। इसकी रसीद भी शिक्षा विभाग को देनी होगी। आदेश का पालन न करने पर टीचर्स पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पूरी खबर पढ़ें

कल कैसा रहेगा मौसम…

15- बारिश का अलर्ट

29 मई को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। तापमान में गिरावट आएगी।

कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.