![]()
परतापुर थाना क्षेत्र के पूठ खास मार्ग स्थित श्मशान घाट में बृहस्पतिवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के पास मिला मोबाइल फोन और उसमें से सिम गायब होने से मामला संदिग्ध बन गया है। वहीं घटनास्थल के आसपास देसी शराब के खाली पव्वे मिलने से मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सुबह ग्रामीणों ने श्मशान घाट के अंदर करीब 35 वर्षीय महिला का शव पड़ा देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास मौजूद लोगों से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस को शव के पास एक मोबाइल फोन मिला, लेकिन उसमें सिम कार्ड गायब था। इसके अलावा घटनास्थल के पास देसी शराब के खाली टेट्रा पैक भी पड़े मिले। पुलिस मोबाइल की जांच कर महिला की पहचान और उसके संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। प्राथमिक जांच में महिला के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं, हालांकि उसकी जीभ बाहर निकली हुई थी। घटना के बाद ग्रामीणों में तंत्र क्रिया समेत कई तरह की चर्चाएं होने लगीं, लेकिन पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। नगर पुलिस अधीक्षक विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
Source link
श्मशान घाट में महिला का शव मिलने से सनसनी:पास पड़े मिले शराब के खाली टेट्रा पैक,पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण