![]()
सुल्तानपुर के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के अहिवरनपुर गांव में बुधवार देर रात पारिवारिक विवाद के चलते खूनी संघर्ष हुआ। एक भाई ने अपने ही भाई और भतीजी को गोली मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, अहिवरनपुर निवासी इंद्रेश्वर सिंह (52) ने बताया कि उनके भाई राजेश्वर सिंह (54) ने घर में एक गैर महिला को रखा हुआ था। परिवार के सदस्य लगातार इसका विरोध कर रहे थे। बुधवार, 27 मई की रात करीब 11 बजे इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि आरोपी धनेश्वर सिंह (42), देवांश (19) और ब्यूटी सिंह (38) ने जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों और असलहे से हमला किया। उन्होंने राजेश्वर सिंह और उनकी 16 वर्षीय बेटी सीता सिंह पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। गोली लगने से राजेश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। बीच-बचाव करने आई उनकी बेटी सीता सिंह भी गोली लगने से घायल हो गईं। दोनों घायलों को तत्काल सुल्तानपुर जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जयसिंहपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इंद्रेश्वर सिंह की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस पूरे मामले की जांच जयसिंहपुर कोतवाली के उपनिरीक्षक प्रेम नारायण राजपूत को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
Source link
सुल्तानपुर में पारिवारिक विवाद पर भाई ने गोली मारी:लाठी-डंडे से भी पीटा, भाई-भतीजी गंभीर घायल, लखनऊ रेफर; चार आरोपियों पर केस दर्ज