अयोध्या3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अयोध्या जिले में एलपीजी संकट के दौरान उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी और गैस एजेंसियों की कालाबाजारी पर जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जिला आपूर्ति विभाग और ऑयल कंपनियों की संयुक्त टीम ने कई एजेंसियों को नोटिस जारी करने के बाद दो से पांच लाख रुपये तक का अर्थदंड लगाया है।
विभाग की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई कुसुम इंडेन गैस सर्विस के उसरु स्थित गोदाम पर हुई। यहां से 178घरेलू सिलेंडरों की चोरी का मामला पकड़ा गया। इस मामले में विभाग ने कुसुम इंडेन गैस के विरुद्ध स्थानीय पुलिस को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कराया है।
जिला आपूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि उपभोक्ताओं की लगातार बढ़ती शिकायतों और भारी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने यह कदम उठाया। जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

शिकायतों के निस्तारण के लिए विभाग में कंट्रोल रूम बनाया गया। महज दो माह के भीतर कंट्रोल रूम में एक हजार से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें नगर क्षेत्र के अलावा ग्रामीण इलाकों की एजेंसियां भी शामिल रहीं। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने की व्यवस्था भी शुरू की गई।
लगातार एक ही एजेंसी के खिलाफ कई बार शिकायत आने और जांच में अनियमितताएं मिलने पर शिवकुमार इंडेन गैस सर्विस इटौंजा, शशि गैस सर्विस, ईगल गैस सर्विस, कमर इंडेन और मां कामाख्या भारत एजेंसी को चेतावनी नोटिस भेजी गई है। इन एजेंसियों को भविष्य में अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला आपूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा ने यह भी बताया कि विभाग उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एलपीजी वितरण में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कालाबाजारी तथा अवैध भंडारण करने वाली एजेंसियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि किसी एजेंसी द्वारा अधिक दाम वसूला जा रहा हो,सिलेंडर देने में आनाकानी की जा रही हो या कालाबाजारी की सूचना हो तो तत्काल जिला आपूर्ति विभाग के कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराएं।
