![]()
ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व शुक्रवार को प्रयागराज में पूरे धार्मिक उत्साह, अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही शहर की ईदगाहों, मस्जिदों, खानकाहों और इबादतगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर की मुख्य ईदगाह, जामा मस्जिद समेत 400 से अधिक छोटी-बड़ी मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई, जहां लोगों ने मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं। सुबह फज्र के बाद से ही नमाजियों का मस्जिदों और ईदगाहों की ओर पहुंचना शुरू हो गया था। करैली स्थित मस्जिद अबु बकर में सुबह 5:45 बजे सबसे पहले नमाज अदा की गई, जबकि मस्जिद इब्राहीम करैला बाग में 6:15 बजे नमाज हुई। इसके अलावा चौक स्थित जामा मस्जिद, बख्शी बाजार, चक शिया जामा मस्जिद, मुसल्ला-ए-जीशान समेत विभिन्न मस्जिदों में तय समय के अनुसार नमाज अदा की गई। ईदगाह में नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। बच्चों और युवाओं में भी त्योहार को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर लोगों ने जरूरतमंदों की मदद और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प भी लिया। धार्मिक गुरुओं ने इस मौके पर लोगों से कानून का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और कुर्बानी के दौरान सामाजिक संवेदनशीलता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, समर्पण और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है और इसे आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ मनाना चाहिए। वहीं त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था तथा सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी गई। प्रशासन ने भी लोगों से शांति, स्वच्छता और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
Source link
प्रयागराज में अकीदत के साथ अदा हुई बकरीद की नमाज:देश के अमन-चैन की दुआएं मांगीं, मौलानाओं ने कानून पालन की अपील की