हाथरस में बकरीद से पहले निकला फ्लैग मार्च:शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सुरक्षा का लिया जायजा


हाथरस में ईद-उल-अजहा (बकरीद) से एक दिन पहले बुधवार शाम को शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने फ्लैग मार्च किया। अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ सदर कोतवाली से मधुगढ़ी मस्जिद तक पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से बातचीत की। उन्होंने सभी से पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने लोगों से शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सामाजिक समरसता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान भी किया। संवेदनशील स्थलों पर होगी विशेष निगरानी जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि जनपद प्रशासन ने पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। उन्होंने यह भी बताया कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *