![]()
रामपुर में ईद-उल-अजहा की नमाज को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट है। जिले की 1258 मस्जिदों और 190 ईदगाहों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन ने पूरे जिले को 17 सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 19 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। जिले के सभी 6 क्षेत्राधिकारी (सीओ) अपने-अपने जोन की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अतिरिक्त, 11 इंस्पेक्टर और 11 थाना प्रभारियों (एसएचओ) को विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया है ताकि किसी भी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि ईद की नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए लगभग 1300 पुरुष और महिला पुलिस कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जो प्रमुख मार्गों और ईदगाहों के आसपास यातायात व्यवस्था का प्रबंधन करेंगे। हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए 250 होमगार्ड भी तैनात किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और एक प्लाटून पीएसी भी तैनात की गई है। प्रशासन ने हाईटेक निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों के माध्यम से मस्जिदों और ईदगाहों की निगरानी करने का निर्णय लिया है, जिससे नमाज के दौरान हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके। प्रशासन ने जिलेवासियों से भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। साथ ही, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया है। हाल ही में, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों के साथ मिलकर अलग-अलग इलाकों में पैदल और बाइक से फ्लैग मार्च किया। उन्होंने जिले की जनता से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
Source link
रामपुर में ईद की नमाज को लेकर सुरक्षा चाक चौबंद:1258 मस्जिद और 190 ईदगाहों पर भारी पुलिस बल तैनात, ड्रोन से होगी निगरानी