सुल्तानपुर में साइकिल-बाइक भिड़ंत, 2 की मौत:खाना खाने के बाद दुकान जा रहे थे, इलाज के दौरान बाइक सवार की भी जान गई


सुल्तानपुर के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। ये घटना बुधवार को कादीपुर-दोस्तपुर रोड पर सरैया बाजार के पास हुई, जहां एक साइकिल और बाइक की टक्कर हुई। हादसे में साइकिल सवार दामोदरपुर निवासी रामपूजन निषाद (50) की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपनी दुकान ‘अमित कंप्यूटर’ जा रहे थे, जो मुसवा सरेया में एक जन सुविधा केंद्र है। घर से भोजन करने के बाद दुकान जाते समय कादीपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी थी। वहीं, बाइक सवार सरैया मुस्तफाबाद निवासी 20 वर्षीय अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही अनुराग ने भी दम तोड़ दिया। रामपूजन के छोटे भाई दिलीप कुमार निषाद ने बताया कि उनके भाई दुकान जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने टक्कर मारने वाली बाइक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कादीपुर के सीओ विनय गौतम ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम में भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक रामपूजन के परिवार में उनकी पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *