![]()
मुसाफिरखाना में 29 अप्रैल 2026 को आई आंधी के दौरान नंदमहर के पास लोक निर्माण विभाग (PWD) की एक लोहे की होर्डिंग गिर गई थी। इस हादसे में कई लोग घायल हुए थे, जिनमें बहोरखा पाठक का पुरवा निवासी शुभम मिश्रा (24) पुत्र ओमप्रकाश मिश्रा भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। बुधवार को लखनऊ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान शुभम मिश्रा की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, हादसे में शुभम के सिर में गंभीर चोट आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल से लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। शुरुआती दौर में अस्पताल में बेड मिलने में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। गांव के लोगों और परिचितों के प्रयासों के बाद शुभम को भर्ती कराया जा सका, लेकिन उनकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। आखिरकार, बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। शुभम की मौत से उनके परिवार में मातम छा गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए जर्जर होर्डिंगों की अनदेखी को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त होर्डिंगों की मरम्मत या उन्हें हटाने की कार्रवाई की गई होती तो यह हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिजनों को सरकारी आपदा राहत सहायता प्रदान की जाए। साथ ही, क्षेत्र में लगी सभी जर्जर होर्डिंगों की तत्काल जांच कर उन्हें हटाया जाए।
Source link
PWD की होर्डिंग से घायल हुए युवक की मौत:अमेठी में तेज आंधी के बीच हुआ था हादसा, लखनऊ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान तोड़ा दम