![]()
झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक लंबे समय से मानसिक तनाव और बीमारी से जूझ रहा था। सुबह पत्नी की नजर पति पर पड़ी तो वह दूसरे कमरे में फंदे से लटका मिला। आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना नई बस्ती इलाके के खारा कुआं मोहल्ले की है। खारा कुआं निवासी दीपक भागौरिया झांसी के उद्यान विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी था। चचेरे भाई सुरेंद्र ने बताया कि दीपक काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। वह लोगों से बातचीत भी कम करता था और खाने-पीने तक का ध्यान नहीं रखता था। करीब पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसका तीन साल का बेटा गौरव है।
परिजनों के मुताबिक सोमवार रात दीपक पत्नी और बेटे के साथ कमरे में सोया था। मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे पत्नी की आंख खुली तो दीपक कमरे में नहीं मिला। तलाश करने पर वह बगल के कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। यह देखकर पत्नी चीख पड़ी और परिवार के अन्य लोगों को बुलाया।
परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Source link
झांसी में युवक ने उद्यान कर्मी ने लगाई फांसी:परिजन बोले-लंबे समय से तनाव में था, किसी से बात भी नहीं करता था