![]()
श्रावस्ती जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्यायालय में मुकदमों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के लिए ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के क्रियान्वयन पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जघन्य और महत्वपूर्ण मामलों की सघन एवं प्रभावी पैरवी पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक थाने में पैरवी अधिकारी की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए और मुकदमों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण तथा प्रभावी संचालन किया जाए। अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले साक्ष्यों और गवाहों का समुचित प्रबंधन हो और इसमें किसी भी प्रकार की देरी न की जाए। थाना स्तर पर नियुक्त पैरोकारों के कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा थाना प्रभारी और न्यायालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त, न्यायालय से प्राप्त कुर्की वारंट, गिरफ्तारी वारंट, वसूली वारंट और सम्मनों को उसी दिन थाने के रोजनामचा (दैनिक डायरी) में दर्ज करने का आदेश दिया गया।
लंबित मुकदमों के कारणों की पहचान कर उनके शीघ्र निस्तारण के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। अभियुक्तों के जमानत प्रार्थना पत्रों का सशक्त विरोध करने के लिए CCTNS और ICJS पोर्टल के माध्यम से उनका आपराधिक इतिहास संकलित कर न्यायालय में प्रस्तुत करने पर भी बल दिया गया। साथ ही, एफएसएल रिपोर्ट समय पर प्राप्त कराने और केस प्रॉपर्टी को सुरक्षित रखते हुए समय पर न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। लोक अभियोजकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, जमानतदारों के सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी करने और पैरोकारों के कार्यों का दैनिक निरीक्षण सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए गए। अंत में, अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत गुणवत्तापूर्ण विवेचना और प्रभावी पैरवी के माध्यम से अधिकतम सजा सुनिश्चित कर अपराधियों के विरुद्ध एक सख्त और स्पष्ट संदेश दिया जाए।
Source link
श्रावस्ती में 'ऑपरेशन कन्विक्शन' पर पुलिस अधिकारी सख्त:मजबूत पैरवी, आरोपियों के अपराधिक इतिहास न्यायालय में प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश