![]()
बरेली में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों के विरोध में समाजवादी पार्टी ने आज अनोखा और प्रदर्शन किया। पटेल चौक स्थित लोहिया बिहार कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक सपा कार्यकर्ताओं का एक हुजूम बैलगाड़ी लेकर निकला, जिस पर मोटरसाइकिल लादी गई थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में एलपीजी सिलेंडर और स्मार्ट मीटर भी नजर आए, जो केंद्र सरकार की नीतियों पर सीधा प्रहार थे। महंगाई से त्रस्त जनता का सरकार पर तंज सपा नेताओं ने बैलगाड़ी पर मोटरसाइकिल लादकर यह संदेश देने की कोशिश की कि जनता की आर्थिक स्थिति अब ऐसी हो गई है कि लोग अपनी गाड़ियां सड़क पर चलाने में भी असमर्थ हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार सौ रुपये के पार बने हुए हैं, जिससे आम आदमी का बजट पूरी तरह चरमरा गया है। प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई को आम जनता के लिए नासूर बताया। पुरानी यादें दिलाकर बीजेपी पर साधा निशाना प्रदर्शनकारियों ने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले यही लोग पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 10 पैसे की बढ़ोतरी पर सड़कों पर उतरकर हंगामा किया करते थे। सपा नेताओं ने याद दिलाया कि कैसे बीजेपी सत्ता में आने से पहले महंगाई के लिए पिछली सरकारों को जिम्मेदार मानती थी, लेकिन आज खुद सत्ता में बैठकर बेलगाम महंगाई पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। महंगाई का असर और भविष्य की चेतावनी सपा नेताओं के अनुसार, पेट्रोल-डीजल-सीएनजी और गैस के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि का सीधा असर परिवहन खर्च पर पड़ रहा है। इसकी वजह से खान-पान की आवश्यक वस्तुओं से लेकर हर चीज महंगी हो गई है, जिससे आम आदमी के लिए दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना भी दूभर हो गया है। पार्टी ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया गया, तो आने वाले समय में और भी उग्र आंदोलन किया जाएगा। ‘परिवर्तन’ की ओर बढ़ती जनता सपा के कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि अब देश और प्रदेश की जनता मोदी सरकार के ‘जुमलों’ से पूरी तरह उब चुकी है। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि जनता अब पूर्ण परिवर्तन का मन बना चुकी है और आगामी समय में पीडीए (PDA) के नेतृत्व में अखिलेश यादव की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास अब वर्तमान सरकार से पूरी तरह उठ चुका है।
Source link
बरेली में महंगाई के खिलाफ सपा का अनोखा प्रदर्शन:बैलगाड़ी पर मोटरसाइकिल और हाथों में सिलेंडर लेकर प्रदर्शन, पेट्रोल-डीजल और गैस के बढ़ते दामों से त्रस्त जनता