गोरखपुर के सिविल लाइन में गिरा विशाल पेड़:घंटों बाधित रहा रास्ता, DFO बोले- हमारी टीम रवाना हुई


गोरखपुर के सिविल लाइन इलाके में सोमवार देर रात तेज आंधी, तूफान और बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हरिओम नगर से जीडीए टावर के बीच सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ अचानक उखड़कर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार रात में मौसम अचानक खराब हो गया था। तेज हवाओं और बारिश के बीच पेड़ जड़ से उखड़ गया। लोगों का कहना है कि पेड़ के साथ-साथ उसके किनारे से गुजर रहे बिजली के तार भी नीचे गिर गए। जिससे आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पेड़ गिरने के कारण हरिओम नगर से गणेश चौक और सिटी मॉल जाने वाला मुख्य रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। इसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आने-जाने वाले लोगों को अब गोलघर पुराने आरटीओ वाले रास्ते से होकर घूमकर जाना पड़ रहा है। सोमवार होने के कारण यह इलाका देर रात तक काफी व्यस्त रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय यहां भारी भीड़ रहती है और बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में सड़क बंद होने से लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। वहीं कुछ पैदल यात्री और साइकिल सवार पेड़ की टहनियों के बीच से रास्ता निकालकर किसी तरह आ-जा रहे हैं। इस मामले पर दैनिक भास्कर से बात करते हुए डीएफओ विकास यादव ने बताया कि- पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही हमारी टीम रवाना हो चुकी है। रास्ता लंबे समय तक बाधित न रहे इसके लिए तत्काल पेड़ को हटाकर रास्ता खुला दिया जाएगा।”

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *