![]()
चंदौली में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में सोमवार शाम पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के मुस्लिम धर्मगुरुओं, उलेमाओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया, जहां त्योहार की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि बकरीद के दौरान किसी भी नागरिक को असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। डीएम ने नगर पालिका और पंचायत विभाग को ईदगाहों, मस्जिदों और प्रमुख मार्गों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने का आदेश दिया। जल निगम को पेयजल की निर्बाध आपूर्ति और बिजली विभाग को त्योहार के दौरान कटौती-मुक्त बिजली देने के निर्देश भी दिए गए।
लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मांगा सहयोग पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मांगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नमाज केवल पूर्व से निर्धारित ईदगाहों और मस्जिदों के अंदर ही अदा की जाए, सड़क पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं होगी। एसपी ने कुर्बानी को लेकर भी सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के दौरान प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी हाल में न की जाए, यह सुनिश्चित करना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अपील की कि कुर्बानी खुले में न करें और अवशेषों को निर्धारित स्थान पर ही डालें ताकि सफाई व्यवस्था बनी रहे। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई एसपी आकाश पटेल ने यह भी बताया कि त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चंद्रशेखर, अपर पुलिस अधीक्षक सतीश चंद्र शुक्ला, सीओ सदर देवेंद्र कुमार, सीओ सकलडीहा अरुण कुमार सिंह, सीओ यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा, एसडीएम सदर कुंदनराज कपूर के अलावा सभी सर्किल के थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
चंदौली में बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट:पीस कमेटी बैठक में दिए शांति-व्यवस्था के निर्देश, कुर्बानी खुले में नही करने की अपील