![]()
कौशांबी जिले में सोमवार को जैन धर्म के अनुयायियों ने साधु-संतों की सुरक्षा की मांग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में जैन समाज के लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारी डायट मैदान में एकत्र हुए और जुलूस की शक्ल में हाथों में तख्तियां व स्लोगन लिखे पोस्टर लेकर अपनी मांगें रखीं। ज्ञापन सौंपते समय जैन समाज के राकेश जैन ने बताया कि कुछ दिनों पहले मध्य प्रदेश के रीवा रोड पर दो जैन संत माताओं की कार से टक्कर मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी। इस घटना से समाज में चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में चातुर्मास शुरू होने वाला है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से जैन संत, गुरु, माताएं और अनुयायी पैदल ही कौशांबी की यात्रा पर आएंगे। रीवा रोड की घटना के बाद, कौशांबी में आने वाले संतों की सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस किया जा रहा है। इसी खतरे को दूर करने और साधु-संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जैन समाज ने डीएम और एसपी को ज्ञापन सौंपा है। इस अवसर पर रितेश जैन, विवेक जैन, वीरेंद्र जैन, हरिश्चंद्र जैन, सोनू जैन, आशीष जैन, दीपक जैन, अभिषेक जैन, सागर जैन सहित सैकड़ों जैन अनुयायी मौजूद रहे।
Source link
साधु-संतों की सुरक्षा को लेकर जैन समाज का प्रदर्शन:कौशांबी में डीएम-एसपी को सौंपा ज्ञापन, तख्तियों पर स्लोगन लिखकर मांग रखी