पिता-पुत्र की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी का एनकाउंटर:दोनों पैर में लगी गोली, नौबस्ता में मर्डर के बाद भागे दोनों आरोपी और उसका साथी अरेस्ट


नौबस्ता पुलिस ने रविवार रात पिता-पुत्र की चाकू मारकर हत्या करके मौके से फरार हुए दो आरोपियों को उनके एक अन्य साथी के साथ मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। सोमवार तड़के हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी सिमरा गांव निवासी करन वर्मा के दोनों पैर में गोली लगी, जिसे कांशीराम ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसके साथ घटना में शामिल यशोदा नगर निवासी उत्कर्ष अवस्थी और सिमरा गांव के समीर गौतम को पुलिस ने दौड़ाकर धर दबोचा, जबकि वारदात के बाद एक आरोपी सिमरा गांव के शिवा वर्मा को भीड़ ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। यह था पूरा मामला… ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डा. विपिन ताडा ने बताया कि चकेरी थानाक्षेत्र के कोयला नगर स्थित कांशीराम कालोनी निवासी 57 वर्षीय शिवनारायण तिवारी किदवई स्थित कनक मार्बल में काम करते थे। उनके साथ उनके बेटे शिवम व सत्यम भी नौकरी करते हैं। रात करीब नौ बजे काम समाप्त होने के बाद शिवनारायण दोनों बेटों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकले थे। तीनों विराट नगर स्थित वृंदावन गेस्ट हाउस के सामने पहुंचे थे, तभी शराब ठेके से निकले आरोपियों की बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। इससे नाराज एक ही बाइक पर सवार तीनों आरोपियों ने पिता-पुत्रों को पहले सड़क पर खींचकर हेलमेट से पीटा और विरोध पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले किए। हमले में तीनों पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर लोग दौड़े तो एक आरोपी नौबस्ता निवासी शिवा वर्मा को भीड ने पकड़ लिया, जबकि करन वर्मा और उज्ज्वल अवस्थी मौके से पैदल भाग निकले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्रों को लेकर प्राइवेट अस्पताल ले गई, जहां से जवाब मिलने पर उन्हें हैलट अस्पताल लेकर पहुंची। डाक्टर ने जांच के बाद शिवनारायण तिवारी और उनके 25 वर्षीय बेटे शिवम को मृत घोषित कर दिया। सत्यम की हालत भी गंभीर बताई गई है। इधर, पकड़े गए आरोपी शिवा वर्मा से पूछताछ के बाद पुलिस दोनों फरार आरोपियों की तलाश में लगी थी। सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे आरोपियों के पैदल बंबा के रास्ते हमीरपुर रोड की ओर जाने की सूचना मिली। इस पर तत्काल घेराबंदी की गई तो आरोपियों ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपी करण ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में करण के दोनों पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी उज्जवल और समीर गौतम को दौड़ाकर पकड़ा गया। दोनों आरोपी साथी समीर की मदद से शहर से बाहर निकलने की फिराक में थे। मुख्य आरोपी ने पूछताछ में बाइक टकराने को लेकर विवाद में मारपीट करके पिता-पुत्रों पर चाकू से हमला करने की बात कबूल की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *