![]()
गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसे में 75 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मरदह-वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर ब्रह्म बाबा मंदिर के पास एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। सोढारा ग्राम निवासी रामबली राम (75 वर्ष) पुत्र धन्नू चौधरी दवा लेकर बाजार से घर लौट रहे थे। फोरलेन पर पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामबली राम सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर मरदह थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय गाजीपुर भेज दिया। रामबली राम की मौत की खबर सोढारा गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मरदह थाना प्रभारी तारावती ने बताया कि फोरलेन मार्ग पर ब्रह्म बाबा मंदिर के पास हुई दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश जारी है।
Source link
गाजीपुर में अज्ञात वाहन ने बुजुर्ग को मारी टक्कर, मौत:तेज रफ्तार होने से हादसा, मौके पर ही तोड़ा दम