भाजपा नेता की भतीजी ने जहर खाकर किया सुसाइड:बीए की परीक्षा पास की थी, लिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी


जालौन में उरई कोतवाली क्षेत्र के इंद्रानगर मोहल्ले में 18 वर्षीय युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान खुशी राजपूत के रूप में हुई है, जो भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष मनोज राजपूत की भतीजी बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि मोहल्ले में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, खुशी राजपूत ने हाल ही में शताब्दी महाविद्यालय से बीए फाइनल वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। परिजनों का कहना है कि शनिवार देर रात उसने संदिग्ध परिस्थितियों में घर में रखा कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज उरई लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया।
इलाज के दौरान युवती की हालत लगातार नाजुक बनी रही। डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन और रिश्तेदार मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। घटना से स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं।
सूचना मिलने पर उरई कोतवाली पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि युवती ने यह कदम किन कारणों से उठाया, इसका स्पष्ट पता अभी नहीं चल सका है। उरई कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *