सनी गुप्ता, संभल2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

संभल में अजरबैजान में नौकरी दिलाने के नाम पर दो युवकों से 3.80 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मुशाहिद मलिक नामक व्यक्ति ने युवकों को फर्जी वीजा और फ्लाइट टिकट दिए, जिसके कारण उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर रोक दिया गया।
यह मामला संभल जनपद की चंदौसी कोतवाली क्षेत्र का है। मोहल्ला लक्ष्मण गंज निवासी मोहम्मद अजीम पुत्र मोहम्मद नवी ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार, चंदौसी के मोहल्ला वारिस नगर निवासी मुशाहिद मलिक पुत्र शमशाद ने उन्हें अजरबैजान की एक टेस्टिंग फैक्ट्री में पैकिंग के काम का झांसा दिया था। मुशाहिद ने 65,000 से 70,000 रुपये प्रति माह वेतन का वादा किया था। पीड़ित मोहम्मद अजीम ने बताया कि उन्होंने और उनके दोस्त मोहम्मद जीशान ने मुशाहिद की बातों पर विश्वास कर उसे कुल 3,80,000 रुपये नकद दिए थे।
टिकट को फर्जी बताकर उन्हें यात्रा करने से रोक दिया
कुछ दिनों बाद, मुशाहिद ने दोनों युवकों को 11 जुलाई 2025 से 09 अक्टूबर 2025 तक की अवधि का वीजा और 06 अगस्त 2025 की फ्लाइट का टिकट दिया। जब अजीम और जीशान अजरबैजान जाने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे, तो वहां के अधिकारियों ने उनके वीजा और टिकट को फर्जी बताकर उन्हें यात्रा करने से रोक दिया। इसके बाद दोनों युवक अपने घर लौट आए।
घर लौटने पर युवकों ने मुशाहिद मलिक से अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि मुशाहिद ने जवाब दिया कि उसने तो उनके साथ धोखाधड़ी करके पैसे लेने थे, जो उसने ले लिए। उसने धमकी भी दी कि यदि वे दोबारा पैसे मांगने आए तो वह उन्हें जान से मार देगा। यह घटना 02 मई 2026 की सुबह 09 बजे की बताई गई है, जिसे कई लोगों ने देखा और युवकों को बचाया।
पीड़ितों के अनुसार, मुशाहिद के साथ 100 रुपये के स्टांप पेपर पर एक अनुबंध पत्र भी नोटरीकृत कराया गया था, जिसकी फोटोकॉपी शिकायत के साथ संलग्न की गई है। थाना प्रभारी अनुज तोमर ने बताया कि पीड़ित अजीम की शिकायत पर मुशाहिद मलिक के विरुद्ध BNS की धारा 318(4) और 351(3) के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
