![]()
हरदोई में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त बड़ी संख्या में किसानों के लिए रोक दी गई है। यह भुगतान प्रक्रिया विभिन्न तकनीकी और दस्तावेजी कारणों से प्रभावित हुई है। उप कृषि निदेशक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, हजारों किसानों की किस्तें फिलहाल रोक दी गई हैं। किसानों से जल्द आवश्यक दस्तावेज अपडेट करने और फार्मर रजिस्ट्री पूरी करने की अपील की गई है। प्रेस नोट में बताया गया है कि पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसानों को भारत सरकार द्वारा प्रति वर्ष तीन समान किस्तों में दो-दो हजार रुपये सीधे उनके बैंक खातों में भेजे जाते हैं। हालांकि, इस बार कई किसानों के अभिलेखों में त्रुटियां मिलने के कारण भुगतान रोक दिया गया है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2019 के बाद विरासत के अतिरिक्त भूमि प्राप्त करने वाले 3,550 किसानों की किस्तें रोकी गई हैं। इसके अतिरिक्त, 25,035 ऐसे किसान भी चिन्हित किए गए हैं जिनके नाम पर भूमि हस्तांतरण से संबंधित अभिलेख स्पष्ट नहीं हैं। 5,948 मामलों में यह भी सामने आया है कि एक ही भूमि पर वर्तमान और पूर्व भू-स्वामी दोनों द्वारा योजना का लाभ लिया जा रहा था। उप कृषि निदेशक ने निर्देश दिए हैं कि जिन किसानों की किस्तें रोकी गई हैं, वे स्वयं या जनसेवा केंद्र के माध्यम से पीएम किसान पोर्टल (pmkisan.gov.in) पर ‘Update Missing Information’ विकल्प का उपयोग करके आवश्यक जानकारी अपडेट करें। किसानों को अपने और पत्नी के आधार कार्ड, माता-पिता के आधार कार्ड, मृत्यु प्रमाण पत्र और खतौनी की स्पष्ट प्रतियां अपलोड करनी होंगी। इसके बाद, फेशियल या बायोमेट्रिक ई-केवाईसी पूरी करके सभी अभिलेख विकास खंड स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार पर जमा करने होंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि गलत जानकारी पाई जाती है, तो संबंधित किसान का डेटा अस्वीकृत कर दिया जाएगा और उसे भविष्य में योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इसके अतिरिक्त, किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य किया गया है। जिन किसानों ने अभी तक यह रजिस्ट्री नहीं कराई है, उन्हें जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
Source link
हरदोई में पीएम किसान की 20वीं किस्त रोकी गई:उप कृषि निदेशक ने जानकारी अपडेट कर रजिस्ट्री पूरी करने के निर्देश दिए