श्रीराम कथा के तीसरे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब:एटा के नगला सुखदेव में जयकारों से गूंजा पंडाल


एटा जिले की जलेसर तहसील क्षेत्र के ग्राम नगला सुखदेव स्थित श्री देवलोक धाम मंदिर में चल रही श्रीराम कथा के तीसरे दिन शनिवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। प्रसिद्ध कथावाचक भक्त शरण महाराज के मुखारबिंद से कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और मंदिर परिसर ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा। कथावाचक श्री भक्त शरण महाराज ने अपने ओजस्वी प्रवचनों में भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, धर्म और मानव कल्याण से जुड़े प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, सत्य, सेवा और आदर्शों का प्रतीक है। राम कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाता है और समाज को नैतिकता की राह पर चलने की प्रेरणा देता है।
कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ कथा का श्रवण किया। श्री देवलोक धाम मंदिर को आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप दिया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक माहौल में डूबा दिखाई दे रहा है। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा में पहुंच रहे हैं। इस भव्य धार्मिक आयोजन का संचालन भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बैठने, प्रसाद वितरण, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया गया है। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में श्रीराम कथा के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन जारी रहेगा। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की गई है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह, देव प्रताप सिंह, बीरा सिंह, रामराम सिंह, धनंजय प्रताप सिंह, मंजीत प्रताप सिंह, टिकैत प्रताप सिंह, विक्रम सिंह एवं सत्येंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *