![]()
इटावा में घर लौट रहे दो युवकों की चलती ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसा दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर भरथना रेलवे स्टेशन के पास हुआ। दोनों युवक सुपरफास्ट मुरी एक्सप्रेस के जनरल कोच के दरवाजे पर खड़े थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए। एक युवक की पहचान हो गई है जबकि दूसरे की पहचान कराने में पुलिस जुटी हुई है। चलती मुरी एक्सप्रेस से गिरकर हादसा दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग की डाउन लाइन पर यह हादसा भरथना रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर गणेश राइस मिल के सामने हुआ। जानकारी के अनुसार सुपरफास्ट मुरी एक्सप्रेस शुक्रवार रात करीब 1 बजकर 38 मिनट पर भरथना स्टेशन से गुजरी थी। इसी दौरान जनरल कोच के दरवाजे पर खड़े दो युवक अचानक संतुलन खोकर ट्रेन से नीचे गिर पड़े। ट्रेन से गिरते ही दोनों युवक कोच के पहियों में उलझ गए और करीब 30 मीटर तक घसीटते हुए चले गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी रेलवे ट्रैक पर काम कर रही टीएमटी मशीन के चालक ने रेलवे अधिकारियों को दी। ईद मनाने और बीमार मां से मिलने आ रहा था युवक मृतक की पहचान सोहेल पुत्र रशीद निवासी अमौली ठाकुराना थाना रूरा जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई है। सोहेल का भाई साहिल ने बताया कि वह अहमदाबाद में ठेला लगाकर फल बेचने का काम करता है जबकि सोहेल गुजरात के राजकोट में अमूल फैक्ट्री में नौकरी करता था। दोनों भाई ईद का त्योहार मनाने और बीमार चल रही अपनी मां नाजिमा से मिलने के लिए गुजरात से आगरा पहुंचे थे। वहां से टूंडला होकर उन्होंने डाउन गाड़ी संख्या 18310 सुपरफास्ट मुरी एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार होकर यात्रा शुरू की थी। भाई को बचाने की कोशिश भी रही नाकाम साहिल ने बताया कि इटावा स्टेशन से ट्रेन चलने के बाद वह और उसका भाई जनरल कोच के दरवाजे पर खड़े थे। उसका भाई सोहेल उसके पीछे खड़ा था। तभी अचानक तेज झटका लगा और सोहेल के साथ उसी कोच में खड़ा एक अन्य युवक संतुलन खोकर नीचे गिरने लगे। उसने सोहेल का हाथ पकड़कर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों युवक ट्रेन से नीचे गिर चुके थे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेन जब झींझक स्टेशन पर रुकी तो साहिल वहां से एक निजी वाहन से घटना स्थल पर वापस पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जीआरपी उपनिरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि मृतकों में से एक की पहचान 22 वर्षीय सोहेल निवासी अमौली के रूप में हो गई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना स्थल से मिले मोबाइल के आधार पर दूसरे युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। घटना की खबर मिलते ही मृतक की बुआ रहीसा, परिजन इमरान और अन्य परिवारजन मौके पर पहुंच गए। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Source link
चलती ट्रेन से गिरकर दो युवकों की मौत:भरथना स्टेशन के पास हादसा, एक की पहचान, दूसरे की शिनाख्त नहीं