रेलवे पटरी के नीचे केबल डालने का मामला:बिजली अफसरों के बयान दर्ज होंगे, ठेकेदार व अधिकारी चिन्हित किए जाएंगे


फर्रुखाबाद में रेलवे लाइन के नीचे बिना अनुमति 33 केवी बिजली केबल डालने के मामले में जांच शुरू हो गई है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बिजली विभाग के अधिकारियों को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजा है। इस घटना में शामिल बिजली विभाग के अधिकारियों और ठेकेदारों की पहचान की जाएगी। यह घटना फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ स्टेशन के बीच हिंदुस्तान होटल के पीछे हुई थी। यहां 33 केवी बिजली की केबल हॉरिजॉन्टल डायरेक्शनल ड्रिलिंग (एचडीडी) मशीन का उपयोग करके पटरी के नीचे डाली गई थी। रेलवे टीम ने ड्रिलिंग के कारण पटरी में आई संभावित दिक्कतों का भी निरीक्षण किया है। रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेल पथ) जहीर अहमद खान की शिकायत पर आरपीएफ थाने में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के कर्मचारी और ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरपीएफ अब इस काम को अंजाम देने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों की जानकारी जुटा रही है। आरपीएफ इंस्पेक्टर ओपी मीणा ने बताया कि रेलवे अधिकारियों को बयान दर्ज करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। इन बयानों से यह स्पष्ट हो जाएगा कि जिस दिन बिना अनुमति के रेल लाइन के नीचे केबल डाली गई, उस दिन मौके पर कौन-कौन अधिकारी मौजूद थे और यह काम किस ठेकेदार से कराया गया था। सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने कम गहराई में डाली गई केबल से पटरी को खतरा होने की आशंका जताई है, जिसकी सच्चाई जानने के लिए रेलवे कर्मचारी जांच-पड़ताल कर रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *