हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के पूल में मिली स्टूडेंट की लाश:परिजनों को हत्या का अंदेशा; खेल मंत्री गौरव गौतम के गांव में ननिहाल


हरियाणा के सोनीपत की राई स्थित हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में गुरुवार रात स्विमिंग पूल में डूबने से छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान पलवल निवासी निशांत गौतम के रूप में हुई। वह यूनिवर्सिटी में क्रिकेट कोच के लिए पीजी डिप्लोमा कर रहा था। परिवार ने इसे हादसे की बजाय हत्या होने का अंदेशा जताया है। निशांत का ननिहाल खेल मंत्री गौरव गौतम का गांव चिरावटा है। खेल मंत्री के मीडिया सलाहकार नितिन शर्मा के मुताबिक, निशांत मूलरूप से दिल्ली का रहने वाला है। खेल मंत्री के परिवार का डायरेक्ट कोई रिश्ता नहीं है। हालांकि, निशांत गौतम की मौत की खबर सुनने के बाद गांव में दुख का महौल है। उधर, घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पूल हाल ही में दोबारा शुरू किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। एफएसएल की टीम अभी नहीं पहुंची है, जिसके चलते ताला भी बंद किया गया है।
यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… गुरुवार रात साढ़े आठ बजे हुआ हादसा : जानकारी के अनुसार, निशांत गौतम पलवल का रहने वाला था और यूनिवर्सिटी हॉस्टल में रहता था। गुरुवार रात करीब 8:30 बजे वह स्विमिंग पूल में उतरा। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना यूनिवर्सिटी प्रबंधन तक काफी देर बाद पहुंची, जिसके चलते समय पर बचाव कार्य नहीं हो सका। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित : घटना की जानकारी मिलने के बाद यूनिवर्सिटी स्टाफ और अन्य छात्रों की मदद से निशांत को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही छात्रों और यूनिवर्सिटी स्टाफ में शोक का माहौल बन गया। मंगलवार से ही शुरू हुआ था स्विमिंग पूल : सूत्रों के मुताबिक, यूनिवर्सिटी का स्विमिंग पूल मंगलवार से ही दोबारा शुरू किया गया था। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि पूल संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया गया। यह भी जांच का विषय बना हुआ है कि हादसे के समय पूल पर लाइफगार्ड मौजूद था या नहीं।

पुलिस ने शुरू की जांच पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जांच अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कहीं सुरक्षा में लापरवाही तो नहीं बरती गई। पुलिस पूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, स्टाफ की मौजूदगी और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *