![]()
सहारनपुर में कार दिलाने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। जिला न्यायालय में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत चन्द्र शेखर सेठी ने थाना सदर बाजार में शिकायत देकर एक सेल्स मैनेजर और उसके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायत के अनुसार, वह अपने बेटे के लिए इग्निस ऑटोमेटिक कार खरीदना चाहते थे। जिला न्यायालय में कार्यरत परिचित अश्वनी कुमार शर्मा के माध्यम से उनकी बात कपिल त्यागी से हुई, जिसने खुद को पहले नेक्सा दिल्ली रोड और बाद में करनाल मोटर्स, करनाल में सेल्स मैनेजर बताया। आरोप है कि कपिल त्यागी ने वर्ष 2025 के अंत में क्लियरेंस सेल में कम कीमत पर कार दिलाने का भरोसा देकर पहले 21 दिसंबर 2025 को 11 हजार रुपए बुकिंग राशि और फिर 8 जनवरी 2026 को 50 हजार रुपए भेजने के लिए कहा। शिकायतकर्ता का कहना है कि दोनों रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की गईं, जो शिखा त्यागी के नाम के खाते में गईं। आरोपी ने दावा किया था कि गाड़ी की बुकिंग हो चुकी है और जनवरी के अंत तक डिलीवरी मिल जाएगी। पीड़ित के अनुसार, बाद में कपिल त्यागी लगातार कभी कंपनी पोर्टल बंद होने, कभी नए सेफ्टी फीचर्स आने और कभी कंपनी क्लोजिंग का हवाला देकर मामला टालता रहा। जब उन्होंने करनाल मोटर्स से सीधे संपर्क किया तो पता चला कि उनके बेटे के नाम से कोई कार बुक ही नहीं हुई थी और न ही किसी रिफंड का चेक तैयार किया गया था। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता की ओर से कोई रकम कंपनी में जमा नहीं हुई है। चन्द्र शेखर सेठी का आरोप है कि कपिल त्यागी ने धोखाधड़ी और षड्यंत्र के तहत व्यक्तिगत खाते में पैसा मंगाकर हड़प लिया। शिकायत में कहा गया कि आरोपी ने पैसा वापस मांगने पर गाली-गलौज की और धमकी दी। पीड़ित ने कपिल त्यागी समेत अन्य सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
सहारनपुर कोर्ट के AO से 61 हजार की ठगी:कार दिलाने के नाम पर पत्नी के बैंक अकाउंट में कराई ट्रांसजेक्शन, सेल्स मैनेजर पर FIR