अवैध रूप से लाया गया ऊंट, वध की आशंका:बदायूं में ईद पर कुर्बानी की तैयारी की चर्चा, DM से शिकायत


बदायूं में एक ऊंट को अवैध तरीके से लाए जाने और ईद पर उसकी कुर्बानी की आशंका को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। पशु कल्याण संगठनों ने इस मामले में जिला प्रशासन और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पशुओं के हितों के लिए काम करने वाली संस्था पेटा इंडिया की टीम इस मामले में दो दिन से सक्रिय है। पेटा के पदाधिकारियों ने बदायूं के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को बताया कि कैमिल एक्ट के तहत ऊंट को राजस्थान के अलावा किसी अन्य राज्य में नहीं ले जाया जा सकता है। पीएफए अध्यक्ष विकेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया है कि राजस्थान से एक ऊंट को अवैध रूप से बदायूं लाया गया है और ईद-उल-अजहा पर उसकी कुर्बानी की तैयारी की जा रही है। शिकायत के अनुसार, ऊंट को ककराला क्षेत्र में एक प्लॉट में रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि बिना वैधानिक अनुमति के ऊंट का परिवहन और बिक्री कानून का उल्लंघन है। सुप्रीम कोर्ट और तेलंगाना हाईकोर्ट के उन आदेशों का भी उल्लेख किया, जिनमें पशुओं के अवैध वध और परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भारतीय पशु कल्याण बोर्ड की एडवाइजरी का हवाला देते हुए प्रशासन से तत्काल ऊंट को जब्त कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है। इस संबंध में, अलापुर थाना प्रभारी माधव सिंह बिष्ट ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद जांच कराई गई थी। हालांकि, जांच में ऊंट के वध का कोई मकसद सामने नहीं आया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *