![]()
लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) में डॉक्टरों ने दूरबीन विधि (लैप्रोस्कोपिक तकनीक) से दुर्लभ पैंक्रियाज कैंसर का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। करीब 12 घंटे तक चली इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी के बाद मरीज अब स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौट रहा है।
कई समस्याओं से जूझ रहा था मरीज
आजमगढ़ निवासी 32 वर्षीय हरिराम यादव लंबे समय से पेट दर्द और पीलिया की समस्या से परेशान थे। कई स्थानों पर इलाज कराने के बावजूद राहत नहीं मिली। बाद में उन्हें खून की उल्टियां, मलद्वार से रक्तस्राव और लगातार बुखार की शिकायत भी होने लगी। जांच के बाद लोहिया संस्थान में डॉक्टरों ने पैंक्रियाज के सिर वाले हिस्से में गंभीर कैंसर की पुष्टि की।
इसके बाद जनरल सर्जरी विभाग की विशेषज्ञ टीम ने मरीज की स्थिति को देखते हुए दूरबीन विधि से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। आमतौर पर इस तरह की सर्जरी बड़े चीरे के साथ की जाती है, लेकिन डॉक्टरों ने आधुनिक तकनीक अपनाकर बिना बड़े चीरे के सफल ऑपरेशन किया।
डॉक्टरों के अनुसार, इस तकनीक से मरीज को कम दर्द होता है, संक्रमण का खतरा घटता है और रिकवरी भी तेजी से होती है। प्रदेश में इस तरह की सुविधाएं अभी सीमित संस्थानों में ही उपलब्ध हैं।
इस टीम ने किया ऑपरेशन
सर्जरी टीम में डॉ. विकास सिंह के नेतृत्व में डॉ. सपना सिंह, डॉ. हिमांशु मिश्रा, डॉ. मोहम्मद साद, डॉ. समाय बाजपेयी और डॉ. आकाश त्रिपाठी शामिल रहे। वहीं एनेस्थीसिया विभाग की टीम ने भी ऑपरेशन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Source link
लोहिया संस्थान में पैंक्रियाज कैंसर की सफल सर्जरी:दूरबीन विधि से 12 घंटे चला ऑपरेशन, आजमगढ़ के मरीज को मिली नई जिंदगी