नेशनल चैंबर चुनाव में1668 व्यापारी चुनेंगे अध्यक्ष:सुबह से हो रहा मतदान, मनोज सिंघल और मनोज गुप्ता के बीच है मुकाबला


नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्री एंड कॉमर्स का चुनाव शनिवार को वाटरवर्क्स स्थित अग्रवन में जारी है। सुबह 10:30 बजे से बैलेट पेपर के जरिए मतदान हो रहा है, जिसमें 1668 व्यापारी अपने नए अध्यक्ष का चुनाव कर रहे हैं। दोपहर 3:30 बजे तक मतदान के बाद मतगणना शुरू हो जाएगी और शाम करीब 5:30 बजे तक परिणाम आने की संभावना है। चुनाव समिति के चेयरमैन मनीष अग्रवाल के अनुसार मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। सदस्य पंजीकरण संख्या और आधार कार्ड दिखाकर ही वोट डाल रहे हैं। जो सदस्य मतदान करने में असमर्थ हैं, वे ई-मेल और व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना दे सकते हैं, ताकि उनके मत का दुरुपयोग न हो सके। अध्यक्ष पद के लिए मनोज बंसल और मनोज गुप्ता के बीच सीधा मुकाबला है। वहीं उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए अंबा प्रसाद गर्ग, गिरीश चंद गोयल और नितेश अग्रवाल मैदान में हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए विनय मित्तल और सतीश अग्रवाल आमने-सामने हैं। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के विभिन्न समूहों में भी कई प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव समिति के को-चेयरमैन श्रीकिशन गोयल, सीताराम अग्रवाल और महेंद्र सिंघल ने बताया कि परिसर में प्रचार पूरी तरह प्रतिबंधित है। चुनाव में गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। मतदान के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को भी पत्र लिखा गया है। इस बीच कुछ व्यापारियों ने चुनाव को जातियों में बांटने की कोशिश पर नाराजगी जताई है। सुल्तानगंज चौराहा स्थित एक बैठक में संयोजक विजय सामा ने कहा कि कुछ लोग अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को माथुर वैश्य और अग्रवाल समाज में बांटने की कोशिश कर रहे हैं, जो व्यापारियों के हित में नहीं है। उन्होंने सभी व्यापारियों से एकजुट होकर उद्योग-व्यापार के हित में काम करने वाले प्रत्याशी को चुनने की अपील की। चुनाव के दौरान व्यापारिक मुद्दे भी चर्चा में हैं। उद्योगपतियों का कहना है कि टीटीजेड की बाध्यताओं से शहर का उद्योग-व्यापार प्रभावित हो रहा है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज गुप्ता ने कहा कि टीटीजेड के कारण शहर के विकास और कारोबार पर असर पड़ा है। इस विषय पर सुप्रीम कोर्ट में मजबूत पैरवी कराने की योजना तैयार की गई है। वहीं आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज सिंघल का कहना है कि टीटीजेड की बाध्यताओं के कारण उद्योग बंदी के कगार पर हैं और बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों और सरकार की मदद से सुप्रीम कोर्ट में पैरवी पर जोर दिया जाएगा। उधर आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन के अध्यक्ष का कहना है कि नेशनल चैंबर का यह चुनाव व्यापारियों के लिए उत्सव जैसा माहौल लेकर आया है। बड़ी संख्या में व्यापारी उत्साह के साथ मतदान में भाग ले रहे हैं और पूरे व्यापारिक समाज की नजर इस चुनाव पर टिकी हुई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *