वंदन योजना से 1.20 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास:बलरामपुर में विकास कार्य शुरू, विधायक-चेयरमैन ने किया शुभारंभ


आदर्श नगर पालिका परिषद क्षेत्र के वार्ड भगवतीगंज दक्षिणी में उत्तर प्रदेश सरकार की ‘वंदन योजना’ के तहत ₹120.50 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया। सदर विधायक पल्टूराम और नगर पालिका परिषद चेयरमैन धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने संयुक्त रूप से इन कार्यों की शुरुआत की। यह परियोजना नगरीय क्षेत्रों में स्थित धार्मिक, सांस्कृतिक, पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व के स्थलों के विकास और वहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वीकृत की गई है। चेयरमैन धीरू ने बताया कि साल 2025-26 में स्वीकृत इस योजना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही क्षेत्र का समग्र सौंदर्यीकरण होगा। योजना के अंतर्गत वार्ड स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में कई महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे। इनमें श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए आधुनिक विश्रामालय का निर्माण, हवन कुंड का निर्माण तथा सीसी रोड एवं फर्श निर्माण कार्य शामिल हैं। मंदिर से जुड़े घाट का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण भी परियोजना का प्रमुख हिस्सा है। इसके अतिरिक्त, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने हेतु बेंच, स्वच्छ पेयजल के लिए वॉटर कियोस्क और पूरे परिसर में आधुनिक प्रकाश व्यवस्था स्थापित की जाएगी। इससे रात्रिकालीन सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित होगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और नगर पालिका के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल को क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन और स्थानीय विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *