अम्बेडकरनगर में भीषण गर्मी, सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित:27 दिनों के लिए बंद रहेंगे स्कूल, मिलेगा समर होमवर्क


अम्बेडकरनगर में भीषण गर्मी के कारण परिषदीय विद्यालयों में बुधवार से 27 दिनों के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया है। ये विद्यालय अब 16 जून को फिर से खुलेंगे। इस अवधि में बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए उन्हें विशेष समर होमवर्क भी दिया गया है। जिले के 1591 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालयों में पढ़ने वाले लगभग डेढ़ लाख बच्चों के लिए यह अवकाश केवल आराम का नहीं, बल्कि सीखने और खुद को निखारने का अवसर होगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने इस बार छुट्टियों को बच्चों के लिए रोचक और उपयोगी बनाने की विशेष तैयारी की है। बच्चों को विषयवार गृहकार्य, रचनात्मक प्रोजेक्ट और विभिन्न गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वे पढ़ाई से जुड़े रहें और अब तक सीखे गए पाठों को न भूलें। छुट्टियों के बाद विद्यालय खुलने पर शिक्षक बच्चों के कार्यों का मूल्यांकन भी करेंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पटेल ने बताया कि अक्सर लंबे अवकाश में बच्चे पढ़ाई की लय से दूर हो जाते हैं, जिससे नए सत्र में शिक्षकों को दोबारा आधार तैयार करना पड़ता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए इस बार पढ़ाई को बोझिल न बनाकर गतिविधि आधारित और रुचिकर बनाने का प्रयास किया गया है। छुट्टियों के दौरान भी व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से बच्चों के लिए विभिन्न शैक्षिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसका उद्देश्य है कि बच्चे खेल-खेल में पढ़ें और जून में नई ऊर्जा के साथ स्कूल लौटें। इसके अतिरिक्त, जनगणना कार्यों को देखते हुए प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ने के दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *