कानपुर में लू के थपेड़ों ने झुलसाया, 44°C पारा:मई महीने में सर्वाधिक रहा, 31 मई तक 8वीं तक के स्कूल बंद


कानपुर में मई की गर्मी अब लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं, एयरफोर्स स्टेशन पर तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने दोपहर के समय लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। रात का तापमान भी 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। दोपहर में सड़कों पर गर्म हवाएं चलती रहीं। खासकर स्कूलों की छुट्टी के समय छात्र-छात्राएं लू से परेशान नजर आए। तेज धूप और तपिश से बचने के लिए लोग मुंह पर कपड़ा, गमछा और स्कार्फ बांधकर निकलते दिखे। कई लोगों ने धूप से बचाव के लिए छाते का सहारा लिया। सड़कों पर बांटा गया शर्बत और ठंडा पानी
भीषण गर्मी के बीच शहर में कई जगह राहगीरों के लिए शर्बत और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई। गन्ने के रस, शिकंजी और ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही। मई का सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के वेदर स्टेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, 44 डिग्री सेल्सियस के साथ यह मई महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना कम है। थार मरुस्थल की हवाएं बढ़ा रहीं तपिश
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि थार मरुस्थल से आने वाली गर्म हवाएं तापमान बढ़ा रही हैं। आने वाले दिनों में तेज धूप और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। पूरे सप्ताह दिन के तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी और लू चलने के आसार हैं। गर्मी को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी
भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने पीजी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में 31 मई तक ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *