राहुल गांधी कल अमेठी पहुंचेंगे:गौरीगंज में कार्यकर्ता सम्मेलन में करेंगे शिरकत, सुरक्षा के कड़े इंतजाम


नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी कल एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचेंगे। वे गौरीगंज में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। गौरीगंज के तेजी का पुरवा मैदान पर दोपहर 12 बजे यह सम्मेलन होगा, जिसकी तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। इस कार्यकर्ता सम्मेलन में लगभग 1000 कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। कांग्रेस की जिला इकाई ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक के कार्यकर्ताओं को इस कार्यक्रम में आमंत्रित कर रही है। लंबे समय बाद अमेठी आ रहे राहुल गांधी से कार्यकर्ताओं को काफी उम्मीदें हैं। माना जा रहा है कि यह दौरा 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। अमेठी को कांग्रेस का गढ़ माना जाता रहा है, और 2019 में यहां से हार के बाद यह राहुल गांधी का चौथा दौरा होगा। कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद, राहुल गांधी गौरीगंज में जामो रोड स्थित पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिवंगत योगेंद्र मिश्र के आवास जाएंगे। वहां वे परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। योगेंद्र मिश्र पार्टी के एक वरिष्ठ और समर्पित नेता थे। इसके उपरांत, राहुल गांधी मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल पहुंचेंगे और वहां आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। राहुल गांधी के पूरे दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, और उनकी सुरक्षा टीम पहले ही अमेठी पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले चुकी है। राहुल गांधी के अमेठी दौरे से जिले की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस कार्यकर्ता उनके स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं और अपने नेता को सुनने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *