Farrukhabad Amritpur Bijli Gul | 33KV Line Cut Affects 400 Gaon; Jaanch Shuru

फर्रुखाबाद3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

फर्रुखाबाद में 33 केवी विद्युत लाइन कटने से अमृतपुर तहसील क्षेत्र के लगभग 400 गांवों में 20 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस घटना से क्षेत्र के कोल्ड स्टोरेज भी प्रभावित हुए।

यह घटना रविवार-सोमवार की रात को हुई। शहर के हिंदुस्तान होटल के पीछे रेलवे लाइन के नीचे से गुजर रही 33 केवी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। एक फर्म के ठेकेदार द्वारा शहरी क्षेत्र की एक अन्य लाइन को रेलवे लाइन के नीचे से निकालने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान यह फाल्ट हुआ।

लाइन कटने के कारण अमृतपुर तहसील क्षेत्र के चारों उपकेंद्र बंद हो गए। बिजली आपूर्ति बहाल करने के चार प्रयास विफल रहे, जिसके बाद टीम ने फाल्ट की तलाश शुरू की और उसे हिंदुस्तान होटल के पीछे पाया। इस दौरान शहर का लकूला उपकेंद्र भी प्रभावित हुआ, जिससे आवास विकास क्षेत्र में भी रात में लगभग दो घंटे तक बिजली गुल रही।

सोमवार को दिन भर एसडीओ वी.के. शुक्ला, उनके अवर अभियंता और दो दर्जन कर्मचारी लाइन ठीक करने में जुटे रहे। शाम को रेलवे लाइन के पास काम के दौरान ठेकेदार और एसडीओ के बीच तीखी बहस भी हुई।

एसडीओ वी.के. शुक्ला ने बताया कि यह कार्य बिना किसी अनुमति या पूर्व सूचना के रात में किया गया था। इस संबंध में फर्म और ठेकेदार के खिलाफ उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। रेलवे लाइन के नीचे से विद्युत लाइन निकालने के लिए रेलवे विभाग से कई अनुमतियां लेनी पड़ती हैं, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं किया गया। रेलवे के उच्चाधिकारियों ने इस घटना का संज्ञान लिया है और जनपद स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है।

विद्युत आपूर्ति बाधित होने से आवास विकास के लगभग 500 घरों में पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई। बिजली न होने के कारण पानी का दबाव नहीं बन पाया, जिससे पहली और दूसरी मंजिल पर रखी टंकियों में पानी नहीं पहुंच सका।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *