देवरिया में मेडिकल कॉलेज रोड पर चला अभियान:37 अवैध दुकानें तोड़ी गईं, यातायात सुचारु करने की कोशिश


देवरिया जिला मुख्यालय स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रोड पर सोमवार शाम नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई में सड़क किनारे और नाले के स्लैब पर अवैध रूप से बनी 37 दुकानों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया। अभियान के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल कॉलेज रोड के दोनों ओर दुकानदारों ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर दुकानें लगा रखी थीं। इससे सड़क संकरी हो गई थी, जिससे आवागमन में बाधा आ रही थी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने भी इस संबंध में शिकायत की थी। कुछ दिन पहले मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. के. मिश्रा ने नगर पालिका ईओ को अतिक्रमण हटाने के लिए पत्र लिखा था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। सोमवार शाम करीब पांच बजे नगर पालिका के कर्मचारी और अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जेसीबी मशीन की मदद से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। इस दौरान सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे, टीनशेड और गुमटियों को ध्वस्त किया गया। अभियान के दौरान एक गुमटी हटाते समय विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका कर्मचारियों ने तोड़फोड़ के दौरान भगवान राम की तस्वीर पर पैर रख दिया। इससे लोगों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति शांत हुई। दूसरी ओर, पटरी दुकानदारों ने नगर पालिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें नगर पालिका द्वारा दुकान लगाने के लिए जगह आवंटित की गई थी। इसके लिए उनसे धनराशि भी ली गई थी और टोकन भी जारी किए गए थे। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उनकी दुकानों को तोड़ दिया गया। नगर पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क और नाले पर किया गया अतिक्रमण पूरी तरह से अवैध था। उन्होंने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और आम जनता की सुविधा के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *